Morena:दंडवत यात्रा कर रहे युवक को प्रशासन ने मनाया, सांसद बोले-सस्ती लोकप्रियता के लिए कर रहे हैं युवा
दंडवत यात्रा करता हुआ युवक
इनपुट-मनोज शर्मा
Morena: दिमनी विधानसभा क्षेत्र के जौहां-श्यामपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीण युवक द्वारा शुरू किए गए अनोखे आंदोलन का असर देखने को मिला. सड़क निर्माण की मांग को लेकर युवक ने ग्रामीणों के साथ अन्न-जल त्याग कर सांसद निवास तक दंडवत परिक्रमा शुरू की थी. पूरे दिन यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना रहा.
हरकत में आया प्रशासन
खबर के बाद प्रशासन हरकत में आया. मुरैना कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार नरेश शर्मा और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को सड़क निर्माण का आश्वासन दिया. वहीं सांसद शिवमंगल सिंह तोमर के पुत्र गौरव सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे और आंदोलनरत युवक को पानी पिलाकर जल्द सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिलाया, जिसके बाद आंदोलन समाप्त हुआ.
सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं-सांसद
इसी बीच सांसद शिवमंगल सिंह तोमर का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वे कहते नजर आए कि “कुछ युवा सस्ती लोकप्रियता पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं. सड़क एक वर्ष पहले ही स्वीकृत हो चुकी है और उसका टेंडर भी हो गया है. यदि ठेकेदार ने काम शुरू नहीं किया है तो इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे.”
ग्रामीणों ने लगाया आरोप
हालांकि सांसद के इस बयान के बाद ग्रामीणों में कई सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क का टेंडर एक वर्ष पहले ही हो चुका था तो अब तक निर्माण कार्य शुरू क्यों नहीं हुआ? आखिर लोगों को वर्षों से जर्जर सड़क पर जान जोखिम में डालकर आवागमन करने के लिए क्यों मजबूर होना पड़ रहा है? बरसात के मौसम में इस मार्ग की स्थिति और भी बदतर हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के आश्वासनों पर टिकी है. लोगों का कहना है कि उन्हें केवल वादे नहीं, बल्कि सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होता हुआ दिखाई देना चाहिए.