सबलगढ़-वीरपुर में 6 साल बाद यात्रियों को लेकर पहुंचेगी ‘मेमू ट्रेन’, आज से शुरू होगी सेवा, CM मोहन यादव दिखाएंगे हरी झंडी
ट्रेन
MP News: मुरैना के सबलगढ़ और श्योपुर जिले के वीरपुर में करीब छह साल चार महीने 27 दिन बाद मंगलवार, 18 अगस्त को फिर यात्री ट्रेन पहुंचेगी. कैलारस से वीरपुर तक मेमू ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे.
1909 में शुरू हुई थी नैरोगेज सेवा
ग्वालियर-श्योपुर के बीच सिंधिया रियासत ने 15 जून 1909 को नैरोगेज ट्रेन शुरू की थी. करीब 111 साल तक चलने के बाद 22 मार्च 2020 को इसका संचालन बंद कर दिया गया. अब इसी मार्ग पर ब्रॉडगेज लाइन बनने के बाद सबलगढ़ और वीरपुर में दोबारा रेल सेवा शुरू हो रही है. कैलारस से वीरपुर तक करीब 51 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है.
किसानों और कारोबारियों को मिलेगी राहत
रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और व्यापारियों को बड़ा फायदा मिलेगा. किसान सब्जियों और अन्य कृषि उपज को कम खर्च में दूसरे बाजारों तक भेज सकेंगे. कारोबारियों के लिए सामान की आवाजाही भी आसान होगी. बस से जिस सफर में करीब 150 रुपये तक खर्च होते हैं, ट्रेन से वही यात्रा 40 से 50 रुपये में पूरी होने की उम्मीद है.
तीन चरणों में बढ़ी मेमू की पहुंच
ब्रॉडगेज परियोजना पर मेमू सेवा चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ी. 2 अक्टूबर 2023 को ग्वालियर से सुमावली तक ट्रेन शुरू हुई. 16 मार्च 2024 को इसे सुमावली से जौरा-अलापुर तक बढ़ाया गया. इसके बाद 7 अक्टूबर 2024 को जौरा-अलापुर से कैलारस तक मेमू का संचालन शुरू हुआ. अब कैलारस से सबलगढ़ और वीरपुर तक सेवा का विस्तार किया जा रहा है.
189 में से 118 किमी ट्रैक तैयार
ग्वालियर-श्योपुर ब्रॉडगेज परियोजना की कुल लंबाई 189 किलोमीटर है. अब तक ग्वालियर से वीरपुर तक 118 किलोमीटर ट्रैक तैयार हो चुका है और इस हिस्से में 12 स्टेशन बन चुके हैं. वीरपुर से श्योपुर के बीच 71 किलोमीटर ट्रैक का काम बाकी है. परियोजना पर केंद्र सरकार करीब 2,355 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और इसे 31 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
ये भी पढे़ं- MP News: बीना स्टेशन पर काम के चलते 16 ट्रेनें अलग-अलग तारीखों में रद्द, 48 का बदलेगा रूट, देखें लिस्ट