मुरैना: सिविल सर्जन की प्रताड़ना से तंग आकर डॉक्टर ने लिखा आत्महत्या का पत्र, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
सांकेतिक तस्वीर
मुरैना/मनोज शर्मा: स्वास्थ्य विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब एक डॉक्टर द्वारा कथित रूप से सिविल सर्जन गजेंद्र सिंह तोमर की प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या की चेतावनी वाला पत्र सामने आया. पत्र में डॉक्टर ने मानसिक उत्पीड़न और लगातार दबाव बनाए जाने के गंभीर आरोप लगाए हैं.
डॉक्टर सचिन यादव ने लिखा पत्र
बताया जा रहा है कि डॉक्टर सचिन यादव ने लिखित रूप से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा है कि उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है, जिससे वे मानसिक रूप से अत्यधिक तनाव में हैं. पत्र सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
सूत्रों के अनुसार, पत्र में डॉक्टर ने अपनी स्थिति के लिए कुछ अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है. मामले के सार्वजनिक होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में चर्चा का माहौल है और पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग उठने लगी है.
गंभीर मुद्दों को उजागर करेगा मामला!
यदि पत्र की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि होती है तो यह मामला स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच कार्यस्थल पर व्यवहार एवं मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को उजागर कर सकता है.
फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच और तथ्यों की पुष्टि की प्रतीक्षा की जा रही है. वहीं डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच इस घटनाक्रम को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है.
ये भी पढ़ें:रणनीति तैयार, संख्या भी साथ… फिर कैसे हाथ से फिसल गई कांग्रेस की सीट? जानें आखिरी 3 घंटे की इनसाइड स्टोरी