Morena: बामोर में हवा में घुल रहा जहर! फैक्ट्री के जहरीले धुएं से लोग बेहाल, प्रदूषण विभाग पर उठे सवाल
आसमान में छाया काला धुआं
इनपुट-मनोज शर्मा
Morena: बामोर क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 के किनारे संचालित एक फैक्ट्री से निकल रहे कथित जहरीले धुएं को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि फैक्ट्री की चिमनियों से लगातार निकलने वाले धुएं के कारण आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, जिससे सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं.
स्थिति में कोई सुधार नहीं
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. उनका आरोप है कि संबंधित जिम्मेदार विभाग और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारी इस मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है.
आसपास रहने वाले लोगों की प्रशासन से मांग
ग्रामीणों और आसपास रहने वाले लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री से होने वाले उत्सर्जन की तत्काल जांच कराई जाए. यदि प्रदूषण संबंधी मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सके.
फिलहाल इस संबंध में फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आया है. प्रशासन और संबंधित विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रदूषण के आरोप किस हद तक सही हैं.