MP से 400 साल पुरानी तोप चोरी केस में बड़ा खुलासा, राजस्थान के इस फेमस बांध को उड़ाने की थी साजिश

मध्य प्रदेश शिवपुरी जिले में स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से करीब 400 साल पुरानी तोप चोरी हो गई थी. अब इस केस में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है.
Narwar Fort

400 साल पुरानी तोप चोरी

MP News: मध्य प्रदेश शिवपुरी जिले में स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से करीब 400 साल पुरानी तोप चोरी हो गई थी. अब इस केस में पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है. बीते दिनों मध्य प्रदेश और राजस्थान पुलिस ने राजस्थान के करौली जिले के मीणा गांव से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इतना ही नहीं पुलिस ने उस पिकअप को भी कब्जे में लिया है जिसका उपयोग 3.5 टन वजनी तोप को चुराकर ले जाने के लिए किया गया था.

तोप से बांध को उड़ाने की थी साजिश

पुलिस अभी भी 400 साल पुरानी तोप की खोजबीन में जुटी हुई है. गिरफ्तार हुए आरोपियों से जब पुलिस ने पूछताछ की तो एक बड़ा खुलासा हुआ. इस पूछताछ में सामने आया कि गुर्जर समाज से राजस्थान के पांचना बांध को लेकर विवाद चल रहा था. इसी वजह से जरुरत पड़ने पर बांध को तोप से उड़ाने की साजिश के तहत तोप की चोरी की गई थी.

15 जुलाई को चोरी हुई थी तोप

बता दें कि पुरातत्व विभाग के चौकीदार रमेश कोली ने 16 जुलाई को नरवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 जुलाई को किले के कचहरी महल में सुरक्षित रखीं 13 तोपों में से एक तोप गायब है. तोप की तलाश में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज मोबाइल लोकेशन के आधार पर गांवडा मीणा गांव तक सुराग खोजा था.

जल्द ही मिल जाएगी तोप

पुलिस ने शनिवार को पालनपुर निवासी अमन कुमार और गांवडा मीणा निवासी टिम्मूराम को गिरफ्तार किया. पुलिस का अनुमान है कि आरोपियों ने तोप को गांव में ही कहीं छिपा रखा है। थाना प्रभारी विनय यादव के अनुसार अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. तोप को भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा.

ये भी पढे़ं- ‘लव यू टू क्या आपको भी मेरी याद आ रही थी’, फ्लाइंग किस देते हुए दतिया में पुराने अंदाज में दिखे शिवराज सिंह चौहान

ज़रूर पढ़ें