बिजली लाइन सही करते समय आउटसोर्ट कर्मचारी की करंट लगने से मौत, मुरैना में परिजनों ने जमकर किया हंगामा, कार्रवाई की मांग की
कर्मचारी की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने जमकर हंगामा किया.
Input- मनोज शर्मा
MP News: मुरैना जिले के माता बसैया थाना क्षेत्र के अजनोंधा रोड पर बिजली लाइन सुधारने के दौरान आउटसोर्स कर्मचारी शाहिल खान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया. उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया और बाद में शव रखकर मुख्य बिजली विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया.
विभाग की लापरवाही से गई जान
परिजनों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही के कारण शाहिल खान की जान गई. उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है.
अधिकारियों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत करवाया
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देकर शांत कराया, जिसके बाद वे पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि लाइन सुधार कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं. घटना के लिए किस स्तर पर लापरवाही हुई. जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.