Morena News: पोरसा प्रशासन की कार्रवाई बेअसर! रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण, दबंगों ने अगले ही दिन फिर जमाया कब्जा
दबंगों ने फिर जमाया कब्जा
इनपुट-मनोज शर्मा
Morena News: तहसील पोरसा क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुरा में राजस्व विभाग द्वारा रास्ते से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बावजूद दबंगों के हौसले बुलंद हैं. प्रशासन द्वारा जेसीबी चलाकर अतिक्रमण मुक्त कराए गए सार्वजनिक रास्ते पर दबंगों ने अगले ही दिन पुन: अवैध कब्जा जमा लिया और विरोध करने पर शिकायतकर्ता को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है.
क्या है पूरा मामला?
कार्यालय तहसीलदार, तहसील पोरसा द्वारा जारी पत्र क्र. 0088/अ-12/2025-26 (दिनांक 18.06.2026) के अनुसार, ग्राम पृथ्वीपुरा स्थित भूमि सर्वे नंबर 16, 17, 18 व 11, 12, 14, 15 के मध्य स्थित आम रास्ते से अतिक्रमण हटाने के लिए न्यायालय द्वारा प्रकरण दर्ज कर दल गठित किया गया था. तहसीलदार पोरसा द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी, नगर पालिका परिषद पोरसा को पत्र जारी कर 29 जून 2026 को राजस्व निरीक्षक वृत्त महुआ के नेतृत्व में गठित दल के लिए जेसीबी (JCB) उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे.
कार्रवाई के अगले ही दिन फिर कब्जा
नियमानुसार प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से रास्ते का अतिक्रमण हटवा दिया था. लेकिन प्रशासनिक कार्रवाई का दबंगों पर कोई असर नहीं दिखा और उन्होंने अगले ही दिन पुनः उस रास्ते पर अवैध कब्जा कर लिया. जब शिकायतकर्ता ने रास्ते से दोबारा कब्जा हटाने की बात कही, तो दबंगों द्वारा उसके साथ अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई.
शिकायतकर्ता ने लगाई न्याय की गुहार
शासन-प्रशासन के आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाले दबंगों की इस हरकत से पीड़ित पक्ष और ग्रामीण भयभीत हैं. पीड़ित ने पुलिस प्रशासन एवं पोरसा तहसील कार्यालय में पुनः गुहार लगाकर दबंगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और रास्ते को permanently (स्थायी रूप से) अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है.