शिवपुरी में आधी रात नकाबपोशों की दस्तक, घरों में झांका… कुछ नहीं मिला तो जूते-चप्पल लेकर फरार
जूते-चप्पल ले गए चोर
Shivpuri: शिवपुरी शहर से चोरी की अजीबोगरीब घटना सामने आई है. यहां पर आधी रात को कुछ नकाबपोश घर के अंदर घुसने का प्रयास कर रहे थे. लेकिन जब वो नाकाम रहे तो फिर बाहर रखे जूते-चप्पल ही उठाकर फरार हो गए. शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हनुमान कॉलोनी में आधी रात पांच नकाबपोश बदमाशों की संदिग्ध गतिविधियां CCTV में कैद हुई हैं.
जूते-चप्पल ही उठाकर ले गए चोर
बदमाश कॉलोनी के कई घरों के बाहर घूमते और घरों के अंदर झांकते नजर आए. जब उन्हें चोरी के लिए कोई सामान नहीं मिला तो वे घरों के बाहर रखे जूते-चप्पल ही उठाकर ले गए. घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है.
धार से भी सामने आया ऐसा ही मामला
इसी घटना से मिलता-जुलता हुआ मामला धार जिले से भी सामने आया है. धार के कालीबावड़ी में शुक्रवार देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता व गल्ला व्यापारी नेमीचंद राठौड़ (80) के घर धावा बोलकर 22 मिनट तक आतंक मचाया. बदमाश रात 1.03 बजे चैनल गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे. बदमाशों ने उनकी पत्नी पार्वतीबाई (70) के गले से मंगलसूत्र और पांचाली भी लूट ली। महिला के शोर मचाने पर पास में रहने वाले बेटा राजेश और पोता गोपाल दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे.
नेमीचंद पर बदमाशों ने किया हमला
बदमाशों के उपद्रव की आवाज सुनकर जैसे ही नेमीचंद राठौड़ कमरे से बाहर आए, बदमाशों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया. हमले में उनके दोनों हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए, जबकि जांघ और पिंडलियों पर चोटें आईं. गंभीर हालत में उन्हें इंदौर रेफर किया गया है, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Mauganj: सरकारी फीस मांगना पड़ा भारी! पशु चिकित्सक से बीच सड़क पर की गाली-गलौज और दी जान से मारने की धमकी