6 साल तक तस्वीर देखकर खोला व्रत, अब करवा चौथ पर मिटी दूरियां, काउंसलर ने पति-पत्नी का कराया सुलह
सांकेतिक तस्वीर
MP News: मध्य प्रदेश में करवा चौथ के मौके पर एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी के चेहरे पर मुस्कान ला दी है. गुना की रहने रेखा (बदला हुआ नाम) अपने पति की लंबी उम्र के लिए हर साल करवा चौथ का व्रत रखती थी और उसकी तस्वीर को देखकर व्रत खोलती थीं. लेकिन महिला के लिए आज का दिन तब खास बन गया, जब कोर्ट की पहल और काउंसलिंग की मदद से पति-पत्नी के बीच की दूरियां खत्म हो गई.
साल 2017 में हुई थी रेखा की शादी
दरअसल, गुना की रहने वाली रेखा (बदला हुआ नाम) की शादी साल 2017 में आगरा के रहने वाले नरेंद्र (बदला हुआ नाम) के साथ हुई थी. शुरूआत में शादी के बाद दोनों के बीच सब कुछ ठीक था, लेकिन एक समय बाद पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना के आरोपों के चलते रिश्ते में तनाव बढ़ गया. रेखा के अनुसार, पति ने भी अपने परिवार के लोगों का पक्ष लिया. इसके बाद साल 2021 में वह अपनी एक वर्षीय गोद ली बेटी के साथ मायके चली गई. वहीं उसका 3 साल का बेटा पति के पसा रह गया.
हर साल करवा चौथ पर रखती थीं व्रत
रेखा अपने पति से अलग रह रही थी, फिर भी उसने करवा चौथ का व्रत नहीं छोड़ा. हर साल वह पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखतीं थीं और रात में पति की तस्वीर के साथ उपवास खोलती थीं. रेखा के मायके वालों ने भी समाज के लोगों के साथ मिलकर कई बार दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की, लेकिन उन्हें इसमें सफलता नहीं मिली. अंत में दोनों परिवारों का रिश्ता टूटने से बचाने के लिए रेखा ने कुटुंब न्यायालय का दरवाजा खटखटाया.
काउंसलर ने बचाया रिश्ता
कुटुंब न्यायालय में मौजूद काउंसलर बबीता दीवान और उनके मीडिएटर हरीश दीवान ने न्यायालय के आदेश पर इस मामले में काउंसलिंग शुरू कर दी. पहले पति-पत्नी के साथ आनलाइन बातचीत की गई. पति ने बच्चों के भविष्य और परिवार बचाने की बात पर सहमति जताई और इसकी अहमियत समझी. वहीं रेखा के तस्वीर रखकर करवा चौथ का व्रत खोलने वाली बात ने भी नरेंद्र को भावुक कर दिया. इसके बाद पति ने अपनी पत्नी से बातचीत करके उसके सामने आगरा लौटने का प्रस्ताव रखा और रेखा ने इसको स्वीकार कर लिया.
7 साल तस्वीर देखकर खोला व्रत
करीब 7 साल तक अपने पति की तस्वीर देखकर व्रत खोलने वाली रेखा का करवा चौथ का व्रत बरकरार रहा. कुटुंब न्यायालय की पहल के बाद पति-पत्नी ने एक दूसरे के साथ रहने का फैसला लिया. रेखा अपने ससुराल आगरा लौट गई और परिवार के साथ एक नई शुरूआत दोनों ने की.
ये भी पढे़ं- करवा चौथ पर वाइफ को कराएं स्पेशल फील, बडे़ गिफ्ट नहीं इन छोटी-छोटी चीजों से करें इंप्रेस