देश के सबसे साफ शहर इंदौर में जल संकट! 3 किमी दूर से लेकर आ रहे पानी, दुकान बंद कर टंकियों पर उमड़ रही भीड़
सांकेतिक तस्वीर
Residents Struggle For Daily Water Needs: मध्य प्रदेश का इंदौर शहर पिछले कई सालों से देश में सबसे स्वच्छ बना हुआ है. शहर को वाटर प्लस सिटी का तमगा भी हासिल हो चुका है. शहर की इतनी सारी खूबियों के बीच अप्रैल महीने में शहरवासियों के सामने जल संकट खड़ा हो गया है. 40 डिग्री के पार पहुंचता पारा इसे और गंभीर बना रहा है. लोगों को कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है.
दुकानें बंद, टंकियों पर उमड़ी भीड़
इंदौर में रहने वालों पर दोहरी मार पड़ रही है. भीषण गर्मी के बीच जल संकट का सामना करना पड़ रहा है. अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक नर्मदा पाइपलाइन में लीकेज और ग्राउंड वाटर का स्तर गिरने के कारण जनता को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. शहर के मिल क्षेत्र के कई हिस्सों में केवल 10 से 15 मिनट ही जलापूर्ति की जा रही है. वहीं, लोगों की शिकायत है कि पानी बहुत गंदा मिल रहा है. परदेशीपुरा में लोगों को अपनी दुकानें बंद करके पानी की टंकी पर लाइन लगानी पड़ रही है. अभी अप्रैल का ही महीना गुजरा है, मई और जून बाकी है.
दो किमी दूर से पानी लाने को मजबूर
गर्मी में पानी की मांग बढ़ जाती है. दैनिक उपयोग के लिए पानी की ज्यादा मात्रा उपयोग में आती है. भागीरथपुरा में दूषित पानी मामले में लोगों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ा था. स्थानीय निवासियों का कहना है कि दूषित पानी की घटना के बाद पानी की आपूर्ति को बढ़ाया गया लेकिन अभी भी ये पर्याप्त नहीं है. लोगों को पानी के लिए दो-तीन किमी जाना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: MP News: अचानक खरगोन में गेहूं खरीदी केंद्र पहुंचे सीएम मोहन यादव, व्यवस्थाओं का लिया जायजा, किसानों से की बातचीत
अधिकारियों का क्या कहना है?
शहर में बढ़ती जल की समस्या पर नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने कहा कि जलापूर्ति पूरी क्षमता के साथ की जा रही है. उन्होंने मीडिया को बताया कि तेज गर्मी की वजह से मांग बढ़ गई है. इसे टैंकरों की संख्या को बढ़ाकर पूरा किया जा रहा है. वहीं, नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि पेयजल उपलब्धता में अनदेखी की जा रही है.