MP News: अचानक खरगोन में गेहूं खरीदी केंद्र पहुंचे सीएम मोहन यादव, व्‍यवस्‍थाओं का लिया जायजा, किसानों से की बातचीत

MP News: सीएम मोहन यादव कतरगांव में बनाए गए उपार्जन केंद्र के निरीक्षण लिए पहुंच गए. इस दौरान उन्होंने उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
CM Mohan Yadav

सीएम मोहन यादव

इनपुट- अंकित बड़ोले, खरगोन

MP News: किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कल 29 अप्रैल महेश्वर पंहुचे थे उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि वे किसी भी गेहूं उपार्जन केंद्र का आकस्मिक दौरा कर सकते हैं और आज 30 अप्रैल को सुबह अचानक मुख्यमंत्री महेश्वर स्थित MPT से अपने काफिले के साथ निकले और खरगोन जिले के कतरगांव में बनाए गए उपार्जन केंद्र के निरीक्षण लिए पहुंच गए. इस दौरान उन्होंने उपार्जन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

इस दाैरान सीएम ने किसानों से चर्चा की और उनके साथ चाय भी पी. इसके अलावा उन्होंने खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल और केंद्र से संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महेश्वर में 29 अप्रैल को रात्रि विश्राम किया था.

केंद्र पर सरकार ने उपलब्ध कराई सुविधा

सरकार द्वारा प्रदेश के उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो. अब किसान अपने जिले के किसी भी केंद्र पर जाकर गेहूं बेच सकते हैं. साथ ही तौल प्रक्रिया को तेज करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर तौल कांटों की संख्या बढ़ाकर छह कर दी गई है और आगे भी इसे बढ़ाने की योजना है, जिससे किसानों को इंतजार न करना पड़े.

गुणवत्ता मानकों में भी किया गया बदलाव

गुणवत्ता मानकों में भी बदलाव किया गया है, जिसमें चमक विहीन गेहूं की सीमा 50 प्रतिशत तक कर दी गई है. सूखे दानों की सीमा 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत और क्षतिग्रस्त दानों की सीमा 6 प्रतिशत तक निर्धारित की गई है. इसके अलावा उपार्जन केंद्रों पर बारदाना, तौल कांटे, हम्माल, सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट कनेक्शन, कूपन प्रणाली, गुणवत्ता जांच उपकरण और सफाई के लिए आवश्यक साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

9.83 लाख किसानों ने किया स्‍लॉट बुक

प्रदेश में अब तक समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए करीब 9.83 लाख किसानों ने 60.84 लाख मीट्रिक टन का स्लॉट बुक कराया है. वहीं लगभग 5.08 लाख किसानों से 22.70 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हो चुकी है. पिछले वर्ष 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया था, जबकि इस बार सरकार ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद 100 लाख मीट्रिक टन खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया है.

ये भी पढे़ं- MP News: एमपी में समर्थन मूल्‍य पर गेहूं खरीदी के लिए स्‍लॉट बुकिंग की तारीख हुई 23 मई, सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान

ज़रूर पढ़ें