आलीराजपुर में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का जताया विरोध
आलीराजपुर: कांग्रेस ने किया प्रदर्शन
Alirajpur Congress Protest: (मनीषा अरोड़ा की रिपोर्ट) दिल्ली में छात्रों के साथ हुए कथित बर्बरतापूर्ण व्यवहार के विरोध में आलीराजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया. पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष महेश पटेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टॉकीज चौराहे पर धरना देकर केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
कांग्रेस नेता ने लगाया आरोप
कांग्रेस नेता महेश पटेल ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने छात्रों के साथ कथित तौर पर डंडों से मारपीट की. उन्होंने कहा कि छात्रों के साथ जिस तरह का बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया, कांग्रेस पार्टी उसकी कड़ी निंदा करती है.
बीजेपी सरकार पर साधा निशाना
महेश पटेल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर सवाल पूछ रहा है, लेकिन सरकार सवालों का जवाब देने के बजाय छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि भाजपा सरकार देश के भविष्य कहे जाने वाले छात्रों के साथ किस तरह का व्यवहार कर रही है.
छात्रों के साथ खड़े रहने का संकल्प
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मामले में जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. केंद्रीय शिक्षा मंत्री को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए. धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और छात्रों के साथ खड़े रहने का संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें: झाबुआ में अंधविश्वास की हद पार कर दी! बारिश करवाने के लिए दूल्हे को गधे पर उल्टा बिठाकर श्मशान तक ले गए
मुख्यमंत्री का करेंगे विरोध
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस पार्टी छात्रों की आवाज बनकर सड़क पर संघर्ष करती रहेगी. वहीं कांग्रेस नेता महेश पटेल ने कहा की कल मुख्यमंत्री जी आजाद नगर आ रहे हैं. कांग्रेस कार्यकर्ता कल आजाद नगर बड़ी संख्या में पहुंचेंगे आजाद को नमन करेंगे और मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे.