‘इतने बच्चों के लिए लाखों रुपये क्यों खर्च करें…’, ग्रामीणों की स्‍कूल वाली मांग पर मंत्री का अजीबो-गरीब बयान

MP News: ग्रामीणों ने माध्यमिक विद्यालय के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी, लेकिन मंत्री ने कम छात्र संख्या का हवाला देते हुए इस पर सवाल खड़े कर दिए.
Minister Gautam Tetwal

मंत्री गौतम टेटवाल

इनपुट- सचिन राठौर

MP News: बड़वानी जिले में शुक्रवार शाम जनविश्वास अभियान के तहत ग्राम भामी में आयोजित शिविर में प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के सामने ग्रामीणों ने गांव के स्कूल की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया. ग्रामीणों ने माध्यमिक विद्यालय के लिए भवन उपलब्ध कराने की मांग रखी, लेकिन मंत्री ने कम छात्र संख्या का हवाला देते हुए इस पर सवाल खड़े कर दिए.

कम बच्चों पर खर्च को लेकर उठाया सवाल

मंत्री गौतम टेटवाल ने ग्रामीणों से कहा कि जब बच्चों की संख्या कम है तो उनके लिए दो-तीन लाख रुपये क्यों खर्च किए जाएं. उन्होंने कहा कि वह इतनी राशि क्यों दें. इस दौरान एक ग्रामीण ने हाथ जोड़कर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन मंत्री ने उसे नियमों का हवाला देते हुए आवेदन वापस कर दिया.

2007 में बना स्कूल भवन हुआ जर्जर

ग्रामीणों के मुताबिक भामी में प्राथमिक स्कूल के लिए भवन मौजूद है, लेकिन माध्यमिक विद्यालय की स्थिति काफी खराब है. गांव का माध्यमिक स्कूल वर्ष 2007 में शुरू हुआ था, लेकिन कुछ समय बाद ही भवन जर्जर हो गया. भवन की मरम्मत कराने के बजाय स्कूल का संचालन अब सामुदायिक भवन से किया जा रहा है.

जर्जर भवन में चल रही आंगनवाड़ी

ग्रामीणों ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन में आंगनवाड़ी भी संचालित हो रही है. इसकी छत पर लगे टीन कई बार तेज हवा में उड़ चुके हैं. बाद में लगाए गए नए टीन में भी जगह-जगह छेद होने की बात ग्रामीणों ने बताई. ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने इसी समस्या को लेकर मंत्री के सामने स्कूल भवन की मांग रखी थी.

सामुदायिक भवन देने की बात, स्कूल भवन से इनकार

मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि जरूरत पड़ने पर सामुदायिक भवन उपलब्ध करा दिया जाएगा, लेकिन स्कूल भवन की मांग को लेकर उन्होंने सहमति नहीं जताई. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों की पढ़ाई के लिए स्थायी और सुरक्षित भवन की जरूरत है.

राहुल गांधी के कार्यक्रम के बीच बयान पर चर्चा

मंत्री का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब इंदौर में राहुल गांधी की ओर से युवाओं और छात्रों को लेकर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसमें जिले से भी बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. ऐसे में स्कूल भवन को लेकर मंत्री की ग्रामीणों से हुई बातचीत चर्चा का विषय बन गई है.

ये भी पढे़ं- ‘पहले पश्चाताप यात्रा निकालें’, BJP नेता अजय सिंह यादव ने कहा – दिग्विजय सिंह की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ राजनीतिक प्रपंच

ज़रूर पढ़ें