Nitin Nabin MP Visit: नितिन नवीन का एमपी दौरा, इंदौर-उज्जैन के कार्यक्रमों में होंगे शामिल, ये है मिनट-टू-मिनट प्रोग्राम
नितिन नवीन, बीजेपी अध्यक्ष (स्त्रोत - ANI)
Nitin Nabin MP Visit: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मध्य प्रदेश आने वाले हैं. दो दिनों के दौरे में इंदौर और उज्जैन के कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. इसके लिए बीजेपी जोर-शोर से तैयारियां कर रही है. जानिए मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की पूरी डिटेल.
पहला दिन: दिल्ली-इंदौर-उज्जैन
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं. 17 सितंबर को नवीन विमान से दिल्ली से इंदौर के देवी अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दोपहर करीब 1.45 बजे पहुंचेंगे. यहां से सीधे सुपर कॉरिडोर पर स्थित गांधी नगर मैदान जाएंगे. यहां स्वामित्व योजना का शुभारंभ करेंगे. राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया है. ये कार्यक्रम दोपहर 2.55 बजे होगा.
इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नितिन नवीन उज्जैन के लिए रवाना होंगे. हेलीकॉप्टर से शाम 5.05 बजे उज्जैन पहुंचेंगे. बीजेपी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को सेवा संकल्प अभियान के तौर पर मना रही है. पीएम मोदी का बर्थडे 17 सितंबर को है. उज्जैन के महाकाल मंदिर, महाकाल लोक और शिप्रा नदी के तट पर 25 लाख दीये जलाए जाएंगे. बीजेपी अध्यक्ष शाम 6.45 बजे रामघाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद रात 8 बजे रामघाट पर ही आयोजित भजन संध्या में मौजूद रहेंगे.
दूसरा दिन – उज्जैन-इंदौर
नितिन नवीन 18 सितंबर को भी उज्जैन में रहेंगे. सुबह 4.05 बजे महाकाल मंदिर की भस्मारती में शामिल होंगे. बाबा महाकाल के दर्शन के बाद सुबह 9.30 बजे इंदौर के लिए रवाना होंगे. सुबह 10 बजे देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट से पंजाब जाएंगे.
एयरपोर्ट पर होगा भव्य स्वागत – कैलाश विजयवर्गीय
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का कहना है कि एयरपोर्ट पर BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया जाएगा. रैली नहीं होगी लेकिन एयरपोर्ट पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं का दमदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा. नितिन नवीन पहली बार इंदौर आ रहे हैं. युवा चेहरे के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से BJP कार्यकर्ताओं में जोश है.
ये भी पढ़ें: Indore: राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम हुआ फाइनल! कांग्रेस ने IDA को जमा किए 10 लाख
उन्होंने आगे कहा कि PM मोदी के जन्मदिन पर गरीबों के ‘पक्के घर’ के सपने को नई सौगात, स्वामित्व योजना का शुभारंभ होगा. पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर वर्तमान मुख्यमंत्री मोहन यादव तक गरीबों को पट्टा देने का काम किया, अब PM मोदी के जन्मदिन पर नई पहल शुरू हो रही है.