‘फंदा तैयार करके बैठी थी…’, सोनिला मौत मामले में कारोबारी बॉयफ्रेंड दीपक का दावा, बोला- मुझे लगा डरा रही
सोनिला मौत मामला
MP News: कारोबारी दीपक खंडेलवाल ने पुलिस पूछताछ में दावा किया कि सोनिला ने होटल के कमरे में पहले से फंदा तैयार कर रखा था और उसके सामने बैठी थी. दीपक के मुताबिक, सोनिला पहले भी उसे इस तरह डराती रही थी, इसलिए उसे लगा कि इस बार भी वह सिर्फ डराने के लिए ऐसा कर रही है. हालांकि, कुछ देर बाद सोनिला अचानक फंदे पर लटक गई.
सोनिला ने ही बुक किया था होटल का कमरा
दीपक ने पुलिस को बताया कि सोनिला पहले से तिलक नगर स्थित एलेक्स होटल में मौजूद थी. कमरा नंबर 101 भी उसी ने बुक किया था. वह अपने साथ बीयर लेकर आई थी. जब दीपक ने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो सोनिला ने उसे देखकर दरवाजा बंद कर लिया. इसके बाद दीपक धक्का देकर कमरे में दाखिल हुआ.
बहस के दौरान अचानक फंदे पर लटकी
दीपक के अनुसार, कमरे में पहुंचने के बाद दोनों के बीच कुछ देर तक बहस हुई. इसी दौरान सोनिला फंदा तैयार कर रही थी. दीपक का कहना है कि उसे लगा कि वह हमेशा की तरह उसे डराने की कोशिश कर रही है, लेकिन अचानक वह फंदे पर लटक गई.
नशे में था, घबराहट में नहीं उतार पाया
दीपक ने पुलिस को बताया कि वह उस समय नशे में था और घटना के बाद बुरी तरह घबरा गया. वह सोनिला को ठीक से नीचे नहीं उतार पाया. इसके बाद वह होटल से नीचे गया और कर्मचारियों को कमरे में लेकर आया. होटल स्टाफ की मदद से सोनिला को कार से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी.
पहले जहर खाने की भी आशंका थी
32 वर्षीय ब्यूटिशियन सोनाली शर्मा का शव बुधवार को होटल के कमरा नंबर 101 में मिला था. शुरुआती जांच में जहर खाने की आशंका भी सामने आई थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम के बाद फंदे से मौत का एंगल सामने आया. पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है.
दीपक ने किया सरेंडर
घटना के बाद दीपक फरार था. पुलिस द्वारा उसकी पत्नी और बच्चों से पूछताछ के बाद उसने शुक्रवार को सरेंडर किया. उसने फोन पर पुलिस को अपनी लोकेशन बताई थी, जिसके बाद उसे बायपास से हिरासत में लिया गया.
पुलिस अब उसके बयान, होटल के सीसीटीवी फुटेज, पोस्टमॉर्टम और विसरा रिपोर्ट की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या दीपक की भूमिका आत्महत्या के लिए उकसाने या किसी अन्य अपराध में थी. जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं- Indore Beautician Death: होटल में ब्यूटिशियन की संदिग्ध मौत, 2 बजे ली थी कारोबारी के साथ एंट्री