इंदौर में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख से ज्यादा का माल जब्त
इंदौर में अवैध पटाखा जब्त
Indore News: दीपावली से पहले इंदौर में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री का खुलासा हुआ है. शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में बिना लाइसेंस आतिशबाजी का सामान जमा कर बेचा जा रहा था. सूचना के आधार पर पुलिस ने छह थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी कर 10 लाख रुपए से अधिक कीमत के पटाखे जब्त किए हैं. मामले में संबंधित आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
छह थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी
पुलिस कमिश्नरेट की ओर से त्योहार के दौरान अवैध पटाखों की बिक्री और विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और स्थानीय थानों की संयुक्त टीमों ने विजयनगर, लसूड़िया, एरोड्रम, परदेशीपुरा, खजराना और हीरानगर थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी.
पुलिस की जांच में सामने आया कि कई जगहों पर बिना वैध लाइसेंस के पटाखे बेचे जा रहे थे. वहीं, कुछ लोगों ने रिहायशी इलाकों में बड़ी मात्रा में आतिशबाजी का सामान जमा कर रखा था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न ठिकानों से पटाखों का स्टॉक बरामद कर जब्त कर लिया. जब्त सामग्री की कुल कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है.
घनी आबादी में पटाखों का भंडारण खतरनाक
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रिहायशी इलाकों में बड़ी मात्रा में पटाखे जमा करना लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है. क्राइम ब्रांच के एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि घनी आबादी के बीच आतिशबाजी का अवैध भंडारण होने से आग लगने और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. ऐसी स्थिति में आसपास के घरों और वहां रहने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंच सकता है.
उन्होंने बताया कि बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री और अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
कार्बाइड गन और पटाखों पर भी नजर
इसके अलावा पुलिस की निगरानी कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और कार्बाइड से तैयार किए जाने वाले पटाखों पर भी है. अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के दौरान किसी भी तरह की अवैध विस्फोटक सामग्री की बिक्री या भंडारण को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.



