Indore: सरकारी राशन की कालाबाजारी का खुलासा, देर रात पकड़ा गया 18 टन चावल से भरा ट्राला
चावल से भरा ट्राला
Indore: इंदौर के थाना गांधीनगर क्षेत्र में सरकारी राशन की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है. यहां पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की सतर्कता से करीब 18 टन चावल से भरा ट्राला कपड़ा गया. कथित तौर पर मौके से 100 से अधिक चावल के कट्टे बरामद होने की जानकारी मिली है. सूचना मिलने पर पुलिस और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर जांच शुरू कर दी.
मनीष शर्मा ‘मामा’ ने दी जानकारी
नगर निगम के एमआईसी सदस्य मनीष शर्मा ‘मामा’ ने इस मामले में जानकारी देते हुए बताया है कि क्षेत्र में सरकारी राशन की हेराफेरी की सूचना मिलने पर सामाजिक कार्यकर्ता सक्रिय हुए. इतना ही नहीं मानव अधिकार संगठन से जुड़े तनिष्क चौकसे, बजरंग दल के बाहुबली प्रखंड संयोजक रोहित बढ़वाया, कार्यकर्ता हेमराज यादव और प्रखंड गौरक्षा प्रमुख राहुल राठौर सहित अन्य लोगों ने संदिग्ध वाहन की घेराबंदी कर उसे रोक लिया.
पुलिस जांच के बाद होगा खुलासा
आशंका जताई जा रही है कि इस राशन को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जाया जा रहा था. पुलिस जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि बरामद चावल सरकारी वितरण प्रणाली का है या नहीं तथा इसे कहां से लाया गया और कहां ले जाया जा रहा था. यदि जांच में सरकारी राशन की कालाबाजारी या अन्य अनियमितता की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौके से वाहन मालिक, जिसकी पहचान बंटी के रूप में हुई है, तथा कथित रूप से राशन के मालिक रामजी गुप्ता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
ये भी पढे़ं- MP में 20.47 करोड़ के ब्लॉक शिक्षा घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, PMLA कोर्ट में दायर की याचिका