Indore: होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन के दौरान विवाद, जमकर चले बेल्ट-डंडे, 7 स्टूडेंट सस्पेंड
इंदौर: होलकर साइंस कॉलेज में दो गुटों में विवाद
Indore News: इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन समारोह के दौरान दो गुटों में जमकर विवाद हो गया. चल समारोह के दौरान शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. आरोप है कि करणी सेना और ABVP से जुड़े कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. पार्किंग में बेल्ट और डंडों से मारपीट के बाद विवाद कंप्यूटर लैब तक पहुंच गया. घटना में BSc और MSc के छात्रों के घायल होने की जानकारी है.
जमकर चले बेल्ट-डंडे
होलकर साइंस कॉलेज में गणपति विसर्जन को लेकर चल समारोह निकाला जा रहा था. इसी दौरान दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और कुछ ही देर में विवाद मारपीट में बदल गया. पार्किंग एरिया में दोनों पक्षों के बीच बेल्ट और डंडों से मारपीट होने की बात सामने आई है. इसके बाद विवाद कंप्यूटर लैब तक पहुंच गया, जहां भी छात्रों के बीच मारपीट हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
7 छात्रों को किया सस्पेंड
मामला बढ़ने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने अनुशासन समिति की बैठक बुलाई. समिति ने छात्रों की शिकायतों के साथ मौके के वीडियो फुटेज की भी जांच की. कॉलेज प्रबंधन ने घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए सात विद्यार्थियों को सस्पेंड कर दिया. सस्पेंड किए गए छात्रों में हर्ष तिवारी, अभिजीत सिंह राजपूत, संस्कार यादव, हरिओम खाती, अर्पित खाती, भावन सिंह राजपूत और सत्यम शर्मा शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: चेहरे पर मास्क लगाकर इंदौर के सराफा बाजार पहुंची दिव्या दत्ता, चखा स्ट्रीट फूड, बोलीं- चुपके खाने का मजा ही अलग
कॉलेज परिसर में एंट्री पर रोक
निलंबन अवधि के दौरान इन छात्रों के कॉलेज परिसर में प्रवेश पर रोक रहेगी. कॉलेज की ओर से संबंधित छात्रों के ट्रांसफर सर्टिफिकेट यानी TC उनके घर भेजे जाने की भी जानकारी दी गई है. वहीं, छात्रों की ओर से दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं पर धमकाने के आरोप भी लगाए गए हैं. इन आरोपों की कॉलेज और पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है.