Indore में सड़क धंसने का सिलसिला जारी, अब परदेशीपुरा इलाके में धंसी सड़क
इंदौर
Indore: इंदौर में सड़कों के धंसने का सिलसिला लगातार जारी है. गाड़ी अड्डा, पंढरीनाथ, विजय नगर और जूनी इंदौर के बाद अब परदेशीपुरा में सड़क धंसने का मामला सामने आया है. परदेशीपुरा रोड नंबर-3 पर सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया. सड़क धंसने की वजह से यहां आवाजाही प्रभावित होने की स्थिति बन गई है.
पास में ड्रेनेज लाइन मौजूद
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सड़क धंसी है, उसके पास ड्रेनेज लाइन मौजूद है.सड़क धंसने की घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं. लगातार अलग-अलग इलाकों में सड़क धंसने के मामले सामने आने से सड़क निर्माण और ड्रेनेज से जुड़े कामों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
स्थानीय लोगों का क्या कहना है ?
स्थानीय स्तर पर लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और ड्रेनेज लाइन के काम में लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है. वहीं, लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच संबंधित ठेकेदारों की भूमिका और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की मांग भी उठ रही है.
गाड़ी अड्डा से लेकर परदेशीपुरा तक एक के बाद एक सड़क धंसने की घटनाओं ने नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब बड़ा सवाल यही है कि इंदौर की सड़कों की जिम्मेदारी किसकी है और इन घटनाओं की जवाबदेही आखिर तय कब होगी?