Khandwa: खंडवा में किसानों का अनोखा विरोध प्रदर्शन! कलेक्टर नहीं पहुंचे तो कुत्ते को सौंपा ज्ञापन
खंडवा: किसानों ने कुत्ते को सौंपा ज्ञापन
Khandwa News: खंडवा में किसानों का गुस्सा उस वक्त सामने आ गया, जब अपनी मांगों को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे किसानों की मुलाकात कलेक्टर से नहीं हो सकी. किसानों ने कहा कि वे अपना ज्ञापन सिर्फ कलेक्टर को ही देंगे. इसी बात को लेकर कुछ देर हंगामा हुआ. मामला बढ़ा तो सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर किसानों के बीच पहुंचे और उन्होंने किसानों से ज्ञापन लेने की कोशिश की लेकिन किसान अपनी बात पर अड़े रहे. इसके बाद किसानों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया और सिटी मजिस्ट्रेट के सामने ही अपना ज्ञापन एक कुत्ते को सौंप दिया. किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा.
‘कुत्ते को ज्ञापन सौंपकर जताया विरोध’
किसानों ने जिला कलेक्टर कार्यालय में प्रदर्शन किया. राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन देने पहुंचे थे. किसानों की मांग थी कि उनका ज्ञापन सीधे कलेक्टर लें. काफी देर इंतजार के बाद भी जब कलेक्टर किसानों से मिलने नहीं पहुंचे तो किसानों का गुस्सा बढ़ गया. किसानों ने साफ कह दिया कि वे किसी अन्य अधिकारी को ज्ञापन नहीं देंगे. इसी दौरान सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा की.
लेकिन किसानों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए अपना ज्ञापन एक कुत्ते को सौंपकर विरोध दर्ज कराया. राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार कक्का जी ने कहा कि यदि प्रशासन के अधिकारियों के पास किसानों के लिए समय नहीं है तो भविष्य में ऐसे अधिकारियों के खिलाफ भी मोर्चा खोला जाएगा. उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी समस्याएं लेकर बार-बार कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचना पड़ रहा है. अगर मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा.
ये भी पढ़ें: Khandwa News: 17 सितंबर को शाम 7 बजे जिलेभर में एक साथ होगा सामूहिक दीप प्रज्वलन, 27 प्रमुख स्थलों पर विशेष आयोजन
सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय
फिलहाल किसानों के इस अनोखे विरोध का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है. किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा.