Indore: सयाजी होटल के 8 में से 5 खाद्य सैंपल फेल, पिस्ता और मूंगफली में मिली फफूंद, जारी होगा नोटिस

Indore News: खाद्य सुरक्षा प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, सयाजी होटल से लिए गए पनीर, सान्या मीडियम फैट पनीर और खोपरा बूरा के नमूने अवमानक मिले हैं.
Hotel Sayaji Indore

होटल सयाजी इंदौर

Indore News: इंदौर की नामी सयाजी होटल से जुड़ी खाद्य सुरक्षा जांच रिपोर्ट ने होटल की खाद्य गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित होटल से लिए गए 8 खाद्य सैंपल में से 5 जांच में फेल पाए गए हैं.

खाद्य सुरक्षा प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक, होटल से लिए गए पनीर, सान्या मीडियम फैट पनीर और खोपरा बूरा के नमूने अवमानक मिले हैं. वहीं पिस्ता कतरन और मूंगफली दाना के सैंपल असुरक्षित पाए गए हैं. जांच में इन दोनों नमूनों में फफूंद मिलने की बात सामने आई है.

पनीर में पाम ऑयल मिलने का दावा

पनीर के दोनों नमूनों में पाम ऑयल पाए जाने की बात भी जांच रिपोर्ट में कही गई है. इसके चलते इन्हें एनालॉग पनीर से जोड़ा गया है. यानी होटल में ग्राहकों को परोसे जा रहे पनीर की गुणवत्ता पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है.

वहीं खोपरा बूरे के सैंपल भी अवमानक पाए गए हैं. जांच रिपोर्ट में इसमें वजन बढ़ाने के लिए स्टार्च मिलाए जाने की बात सामने आई है. इससे खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

पिस्ता कतरन में मिली फफूंद

सबसे पहले बात पिस्ता कतरन की करें तो जांच में इसका सैंपल असुरक्षित पाया गया. रिपोर्ट के मुताबिक, पिस्ता कतरन के नमूने में फफूंद मिलने की बात सामने आई है. खाद्य सामग्री में फफूंद का पाया जाना सीधे तौर पर उसकी सुरक्षा और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

अब मूंगफली दाना की बात करें तो इसका सैंपल भी असुरक्षित मिला है. जांच रिपोर्ट में इसमें भी फफूंद पाए जाने की बात कही गई है. एक ही होटल से लिए गए दो अलग-अलग खाद्य पदार्थों में फफूंद मिलना खाद्य सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से चिंता का विषय माना जा रहा है.

पनीर के दो सैंपल अवमानक

वहीं पनीर के दो सैंपल अवमानक पाए गए. जांच में पाम ऑयल मिलने की बात सामने आई है, जिसके आधार पर इन्हें एनालॉग पनीर से जोड़ा गया है. यानी जिस खाद्य पदार्थ को पनीर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था, उसकी वास्तविक गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

हालांकि, सभी सैंपल जांच में फेल नहीं हुए हैं. रोस्टेड चना दाल, बारीक सौंफ और अजवाइन कुकीज़ के सैंपल मानक पाए गए हैं. यानी इन खाद्य पदार्थों के नमूनों में जांच के दौरान कोई ऐसी कमी नहीं मिली, जिसके चलते उन्हें अवमानक या असुरक्षित माना जाए.

होटल प्रबंधन को जारी होगा नोटिस

इतनी बड़ी और प्रतिष्ठित होटल में 8 में से 5 सैंपल का फेल होना निश्चित तौर पर गंभीर सवाल खड़े करता है. अब खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया जाएगा. इसके बाद होटल प्रबंधन से इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जांच में सामने आई कमियों को लेकर जवाब मांगा जाएगा.

ये भी पढे़ं- पानी की बोतल पर एक्‍स्‍ट्रा कीमत वसूलना पड़ा भारी, भोपाल के रेडिसन होटल को चुकाने पड़े 8 हजार रुपये

ज़रूर पढ़ें