इंदौर में बदल सकती है राहुल गांधी के कार्यक्रम की जगह, क्या है कांग्रेस का ‘छात्रों की गूंज’ को लेकर प्लान?
राहुल गांधी
Chhatron Ki Goonj Program Indore: राहुल गांधी देशभर के युवाओं से छात्रों की गूंज कार्यक्रम के जरिए सवांद कर रहे हैं. राजस्थान के कोटा से शुरू हुआ कार्यक्रम देहरादून, प्रयागराज और पुणे के बाद मध्य प्रदेश के इंदौर में 12 सितंबर आयोजित होने वाला है. इस कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं से सवांद करेंगे. मध्य प्रदेश में युवा वोटर्स की बड़ी हिस्सेदारी है. यही वजह है कि कांग्रेस को इनसे बड़ी उम्मीदें नजर आ रही हैं.
लगातार भर्ती प्रक्रियों को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस छात्रों और युवाओं की बात सुन रही है. माना जा रहा है कि यह सब आने वाले चुनाव को देखते हुए किया जा रहा है. इन सब के बीच कांग्रेस ने भले ही अपना कार्यक्रम फिक्स कर लिया हो. लेकिन, यह कार्यक्रम कहां-कितने बजे होगा यह अब तक फिक्स नहीं हो पाया है.
प्रशासन से अनुमति का इंतजार
इंदौर में 12 सिंतबर को प्रस्तावित राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम कांग्रेस के झंडे के बजाय राष्ट्रीय ध्वज के तले होने जा रहा है. कार्यक्रम नेहरू स्टेडियम में होने वाला है, लेकिन अभी इसकी अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. बताया जा रहा है कि यदि स्टेडियम में कार्यक्रम को लेकर परमिशन नहीं मिली तो आयोजन स्थल बदला जा सकता है.
हालांकि कांग्रेस ने अनुमति के लिए प्रशासन अपनी मांग को तेज कर दिया है. कांग्रेस शहर में 50 हजार छात्रों की क्षमता वाली जगह की तलाश में जुटी हुई है. अब कार्यक्रम स्थल और अनुमति पर प्रशासन के फैसले का इंतजार हो रहा है.
कार्यक्रम की तैयारी में जुटी कांग्रेस
छात्रों की गूंज कार्यक्रम में राहुल गांधी युवाओं से संवाद करेंगे. इस कार्यक्रम में इंदौर, भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर समेत कई जिलों और शहरों से युवा छात्रों को जोड़ने की तैयारी में कांग्रेस जुट गई है. प्रदेश कांग्रेस कार्यक्रम को लेकर बेहद गंभीर नजर आ रही है और जिला, ब्लॉक मुख्यालय, शहर, कस्बे, विश्वविद्यालय, कॉलेज से लेकर कोचिंग सेंटर तक ले जाने की तैयारी में लग गई है.
युवाओं पर भाजपा-कांग्रेस की नजर
आने वाले 2028 में मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही युवाओं को साधने में जुट गई है. प्रदेश में युवा वर्ग की हिस्सेदारी करीब करीब 26 प्रतिशत है. इसमें 18 से 19 वर्ष के मतदाता वर्तमान में 11,81,747 हैं तो 20 से 29 वर्ष के 1,29,52,421 हैं यानी 18 से 29 वर्ष के मतदाताओं की संख्या 1,41,34,168 है. यही सबसे बड़ी वजह है कि दोनों पार्टियों की नजर युवा मतदाता पर टिकी हुई है.
ये भी पढे़ं- राहुल गांधी के इंदौर कार्यक्रम पर फंसा पेच! स्टेडियम की परमिशन को लेकर कांग्रेस-निगम आमने-सामने