MP News: पोरसा में पांच युवकों का अपहरण, बीहड़ में ले जाकर बेरहमी से की मारपीट, आठ आरोपियों पर मामला दर्ज

MP News: पोरसा में एक लाख रुपये की कथित रंगदारी को लेकर पोरसा कस्बे के पांच युवकों के अपहरण और उनके साथ अमानवीय मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है.
Youth assaulted in Porsa

पोरसा में युवक के साथ मारपीट

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

MP News: मुरैना जिले के पोरसा में एक लाख रुपये की कथित रंगदारी को लेकर पोरसा कस्बे के पांच युवकों के अपहरण और उनके साथ अमानवीय मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि आठ बदमाश युवकों को जबरन उठाकर बीहड़ में ले गए, जहां उनकी जानवरों की तरह बेरहमी से पिटाई की गई और उन्हें मुर्गा बनाकर प्रताड़ित किया गया.

पीड़ितों को झूठा कबूलनामा देने का दबाव

पीड़ितों के अनुसार, आरोपियों ने मारपीट के दौरान उनसे जबरन यह कहलवाने का प्रयास किया कि उन्होंने एक बाइक चोरी की है. पीड़ितों का आरोप है कि उन पर लगातार दबाव बनाया गया और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. घटना का वीडियो भी बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.

आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने फरियादी सौरभ तोमर की शिकायत पर आकाश, खिलाड़ी, मनीष सिंह, वीरू, विष्णु सिंह, हिमांशु सिंह, छोटू और प्रमोद तोमर, सभी निवासी पोरसा, के खिलाफ अपहरण, मारपीट, धमकी देकर रुपये वसूलने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है.

रंगदारी मांगने का आरोप

फरियादी सौरभ तोमर का कहना है कि उसने किसी भी प्रकार की बाइक चोरी नहीं की है. आरोपियों द्वारा उस पर झूठा आरोप लगाकर एक लाख रुपये की मांग की जा रही थी. सौरभ का कहना है कि यदि वास्तव में बाइक चोरी हुई थी, तो आरोपियों ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज क्यों नहीं कराई. पीड़ित ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने इस घटना पर चिंता जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके.

ये भी पढे़ं- MP News: मुरैना जिला अस्‍पताल में बवाल, निजी एम्बुलेंस चालकों ने सिविल सर्जन पर लगाए गंभीर आरोप, CMHO से लगाई न्याय की गुहार

ज़रूर पढ़ें