धार में भीषण सड़क हादसाः ईको वैन को कंटेनर में मारी टक्कर, कार के उड़े परखच्चे, 6 की मौत
धार सड़क हादसे में 6 की मौत
Dhar Road Accident: धार जिले के बदनावर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई. जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए. फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा रविवार की दोपहर करीब 1 बजे का है, जहां एक सफेद रंग की ईको कार को गलत साइड से आ रहे एक कंटेनर ने टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए. दो शवों को ग्राइंडर से काटकर निकाला गया. हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 1 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है.
गुजरात के रहने वाले हैं सभी मृतक
जानकारी के अनुसार, सभी मृतक गुजरात के बड़ोदरा के रहने वाले हैं, जो महाकाल के दर्शन कर गुजरात वापस जा रहे थे. हादसे के बाद काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने जाम को खुलवाकर यातायात सामान्य किया. पुलिस ने सभी मृतकों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी है.
ये भी पढ़ेंः भाई के नाम शुरू किए ढाबे पर शराब परोस रहे थे, जेल भेजे गए राजा रघुवंशी के भाई सचिन और विपिन
हादसे के बाद चालक फरार
पुलिस के मुताबिक, कार में 6 लोग सवार थे. इस दौरान लोहे के सामान से भरा ट्रॉला नंबर (GJ 39 DB 9248) बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की ओर जा रहा था. वहीं, मारुति ईको वैन (GJ 17 CK 6134) उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी. इसी बीच दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर के बाद ट्रॉले का ड्राइवर भाग गया. जिसकी तलाश की जा रही है.