सिवनी में सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत, 12 घायल; मजदूरों से भरा ट्रक मकान में जा घुसा
सिवनी में हादसे के बाद ट्रक को हटाने के लिए क्रेन का सहारा लेना पड़ा.
Input- संजीव क्रिडिया
Seoni Accident: सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उस समय हुआ जब करीब 29 मजदूरों को लेकर जा रहा एक तूफान (पिकअप) वाहन पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर हाईवे पार कर दूसरी ओर जा रहा था. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देने के साथ-साथ घायलों को वाहन से बाहर निकालने में भी सहायता की.
तीनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ा
दुर्घटना में तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 से अधिक घायल हुए हैं. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है. गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है.
पुलिस ने मामले की जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कुरई थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर यातायात को सुचारु कराया. दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने के बाद हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूरों से भरा वाहन पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद सड़क पार कर रहा था, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी टक्कर हो गई. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
ये भी पढ़ें: प्रियंका नाम बताकर शादी तय हुई, हल्दी-मेहंदी के बाद मुकर गई दुल्हन; पैसे लेने के बाद एजेंट बोली- वो तो पूजा है