गमछा से गला घोंटकर दामाद को मार डाला, बेटी को पीटने और जमीन बेचने से नाराज था ससुर; बालाघाट में दोनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
MP News: बालाघाट के वारासिवनी थाना क्षेत्र में 14 जुलाई को जंगल में मिले शव के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने बताया कि राजेंद्र की हत्या उसके ससुर ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी. आरोपी ससुर ने हत्या से पहले राजेंद्र को शराब पिलाई थी, फिर विवाद के बाद अपने साथी के साथ मिलकर गमछे से गला घोंट दिया.
जंगल में शव फेंककर बाइक से हुए फरार
पूरा मामला वारासिवनी थाना क्षेत्र के कोपे और डोंगरिया के बीच जंगल का है. यहां 14 जुलाई को एक शख्स का शव मिला था, जिसकी पहचान राजेंद्र के रूप में हुई थी. लेकिन 72 घंटे बाद ही पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया. पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि राजेंद्र ने कुछ दिनों पहले 20 लाख की जमीन बेची थी. इसके बाद वो खूब शराब पीने लगा. शराब पीकर राजेंद्र अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. जमीन बेचने के बाद मिले पैसों में से एक लाख उसने अपने ससुर राजेश चौहान को भी दिए थे. लेकिन बाद में वो अपने ससुर से पैसे मांगने लगा. इसको लेकर अक्सर दोनों का झगड़ा भी होता था.
बेटी से मारपीट और पैसे वापस मांगने के कारण राजेश चौहान अपने दामाद राजेंद्र से गुस्सा था. इसके कारण राजेश ने अपने दामाद की हत्या की साजिश रच डाली. एक दिन उसने अपने दामाद को बुलाया और शराब पिलाई. फिर अपने एक अन्य साथी प्रभुदायल बिसेन के साथ राजेश को जंगलों में लेकर चला गया. यहां फिर से तीनों ने शराब पी. इस दौरान राजेश चौहान की उसके दामाद के साथ विवाद हो गया. इसके बाद राजेश ने अपने साथी प्रभुदायल बिसेन के साथ मिलकर गमछे से गला घोंटकर दामाद की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए.
पूछताछ में दोनों ने जुर्म कबूल किया
पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि शक के आधार पर जब दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज करके दोनों आरपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: पल भर का फर्क…बच गई एक्टिवा, सिवनी में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का लोहे का खंभा गिरा