जबलपुर में RDVV के दीक्षांत समारोह से पहले विवाद, छात्रों को मंच पर नहीं जाने देने से जमकर नारेबाजी
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विवाद.
MP News: जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय का 36 वां दीक्षांत समारोह आयोजित होने के पहले ही विवादों में घिर गया है. जिन छात्रों को मंच पर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है, उन्होंने न केवल विरोध किया है बल्कि दीक्षांत समारोह के बहिष्कार की भी चेतावनी की है. छात्रों ने विश्वविद्यालय में जमकर नारेबाजी की और उनके साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया.
सभी गोल्ड मेडलिस्ट को नहीं मिली मंच पर आने की अनुमति
दरअसल 21 जून को जबलपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जा रहा है. जिसमें राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडलिस्ट को मेडल और पीएचडी होल्डर को डिग्री की जाएगी. लेकिन राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल और समय सीमा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने केवल 20 गोल्ड मेडलिस्ट को ही मंच पर राष्ट्रपति के हाथों मेडल लेने की अनुमति दी है. जिसे लेकर अन्य गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों ने विरोध शुरू कर दिया है.
विश्वविद्यालय प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया
दीक्षांत समारोह में आमंत्रित किए गए गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों का कहना है कि उन्होंने दिन-रात मेहनत करके गोल्ड मेडल हासिल किया है. उनका भी अधिकार बनता है कि वह राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल लें. लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन सुरक्षा का हवाला देकर छात्रों से भेदभाव कर रहा है. कार्यक्रम में छात्रों की प्रतिभा से खिलवाड़ किया जा रहा है. दूर-दूर से छात्र इस दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए केवल इसलिए आ रहे हैं कि उन्हें राष्ट्रपति के हाथों मेडल मिलेगा लेकिन यहां आकर देखा तो केवल उन्हें कुर्सियों पर बैठाया जा रहा है और राष्ट्रपति के सामने नमस्ते करने की अनुमति दी जा रही है, जो उनके सम्मान से खिलवाड़ है. गोल्ड मेडलिस्ट ने चेतावनी दी है कि अगर उन्हें राष्ट्रपति राज्यपाल या मुख्यमंत्री के हाथों से मेडल नहीं मिला तो वह दीक्षांत समारोह का बहिष्कार कर देंगे.
ये भी पढ़ें: छोटे किसानों के गेहूं को मिला नया बाजार, अब ‘Tripur’ ब्रांड के नाम से मिलेगा शुद्ध और पौष्टिक मल्टीग्रेन आटा