डिंडोरी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही, जहर खाने वाले नाबालिग को 2 लीटर वाले पानी की बोतल से चढ़ाई ड्रिप, Video
डिंडोरी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर
Poison Patient Mineral Water Drip: मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिला अस्पताल का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी. अस्पताल में जहर खाने वाले नाबालिग मरीज के पेट में गैस्ट्रिक ट्यूब के जरिए सामान्य मिनरल वाटर की बोतल से ड्रिप चढ़ा दी. इस घटना का किसी ने वीडियो अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद जिला कलेक्टर ने जांच करने और कार्रवाई के आदेश दिए हैं.
इस मामले को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने कहा कि जांच कराई जा रही है. जांच के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी. जानकारी के अनुसार, नाबालिग की पहचान सत्यम निवासी सिविल लाइन के रूप में हुई है. जहां सत्यम को चूहे मारने की दवा खाने के बाद भर्ती कराया गया था.
डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में पानी की बोतल से ड्रिप चढ़ रही है ।
— Arun Subhashchandra Yadav (@MPArunYadav) July 23, 2026
यही है भाजपा के डबल इंजन का "स्वास्थ्य मॉडल" ।
मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर, सरकार अपने प्रचार में मस्त है ।
प्रदेश की जनता इलाज नहीं, बदहाली झेल रही है । pic.twitter.com/trDdPThgh5
अस्पताल की बड़ी लापरवाही उजागर
अस्पताल के अंदर का यह वीडियो जिसने भी देखा हैरान रह गया. क्योंकि इलाज के दौरान मेडिकल प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं. ड्रिप स्टैंड पर किसी जीवनरक्षक दवा या मेडिकल सेलाइन की जगह बाजार में बिकने वाली मिनरल वाटर की बोतल टंगी दिखाई दी. गनीमत रही कि नाबालिग की जान बच गई और वह सकुशल अपने घर पहुंच गया.
ये भी पढ़ेंः भाजपा MLA अजय बिश्नोई ने मंत्री राकेश सिंह पर साधा निशाना, कहा- सड़क निर्माण की स्वीकृति नहीं दे पा रहे
अरुण यादव ने सरकार पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता अरुण यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सरकार पर निशाना साधा और लिखा, डिंडोरी के सरकारी अस्पताल में पानी की बोतल से ड्रिप चढ़ रही है. यही है भाजपा के डबल इंजन का “स्वास्थ्य मॉडल.” मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर, सरकार अपने प्रचार में मस्त है. प्रदेश की जनता इलाज नहीं, बदहाली झेल रही है.