छोटे किसानों के गेहूं को मिला नया बाजार, अब ‘Tripur’ ब्रांड के नाम से मिलेगा शुद्ध और पौष्टिक मल्टीग्रेन आटा
जबलपुर में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बड़ी पहल की गई.
MP News: जबलपुर में किसानों की आय को दोगुना करना है तो उनके उत्पाद को एक मजबूत बाजार देना होगा. ग्रामीण किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पाद पहुंचाने की दिशा में त्रिपुरसुंदरी आजीविका प्रोडसेर कंपनी लिमिटेड FPO ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. कंपनी द्वारा अपने शेयरधारक एवं छोटे किसानों से सीधे गेहूं की खरीदी की गई है, जिसे आधुनिक गुणवत्ता मानकों के अनुसार प्रसंस्कृत कर ‘Tripur’ ब्रांड के नाम से शुद्ध, पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त मल्टीग्रेन आटा के रूप में बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा.
बिचौलियों पर निर्भरता कम करना है उद्देश्य
इस पहल का मुख्य उद्देश्य छोटे एवं सीमांत किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना, बिचौलियों पर निर्भरता कम करना तथा उपभोक्ताओं को भरोसेमंद एवं शुद्ध खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराना है. किसानों से सीधे खरीदे गए गेहूं की गुणवत्ता जांच, सफाई एवं प्रसंस्करण के बाद मल्टीग्रेन आटा तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा.
‘हम शुद्धता, गुणवत्ता और विश्वास पहुंचा रहे हैं’
कंपनी की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्वेता नामदेव ने बताया कि यह केवल गेहूं खरीदी का कार्य नहीं है, बल्कि किसानों को उत्पादन से लेकर बाजार तक जोड़ने की एक सशक्त पहल है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल किसानों की उपज खरीदना नहीं, बल्कि उनके परिश्रम को एक विश्वसनीय ब्रांड पहचान देना है. ‘Tripur’ ब्रांड के माध्यम से हम उपभोक्ताओं तक शुद्धता, गुणवत्ता और विश्वास पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि FPO भविष्य में भी किसानों द्वारा उत्पादित विभिन्न कृषि उत्पादों को मूल्य संवर्धन के माध्यम से बाजार में उतारने की दिशा में कार्य करेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को स्थायी आय के नए अवसर प्राप्त होंगे.