MP Rain: मूसलाधार बारिश के कारण बढ़ा बाघ नदी का जलस्तर, एमपी-महाराष्ट्र सीमा पर बह गए कई वाहन
नदी-नाले उफान पर
MP Rain: जुलाई महीने की शुरूआत से ही मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों में बारिश का दौर जारी है. कई शहरों में मूसलाधार बारिश हुई जिस वजह से नदी-नाले उफान पर आ गए हैं. मध्यप्रदेश के बालाघाट और महाराष्ट्र की सीमा पर बहने वाली बाघ नदी में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिसकी चपेट में आने से दो बड़े बाहन बह गए.
खतरे के निशान से ऊपर बह रही है नदी
यह घटना मध्यप्रदेश के अंधियाटोला और महाराष्ट्र के गल्लाटोला के बीच स्थित बाघ नदी पर बने पुल के पास हुई. बताया जा रहा है कि नदी पर पुल का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद दोनों वाहन नदी के किनारे खड़े हुए थे, लेकिन सुबह से जारी तेज बारिश के कारण नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा और दोनों वाहन देखते ही देखते नदी में समा गए. बता दें इस इलाके में सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है जिस वजह से बाघ नदी उफान पर चल रही है.
लोगों में काफी नाराजगी
इस घटना के बाद आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों कि माने तो घटना के काफी समय बाद भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए कोई भी जिम्मेदार विभाग या प्रशासनिक टीम मौके पर नहीं पहुंची. इस वजह से लोगों के बीच काफी नाराजगी देखी जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते वाहनों को हटाया जाता तो ये नुकसान होने से बच जाता.
प्रशासन की लोगों से अपील
दोनों राज्यों के प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी और नालों के किनारे जाने से बचें तथा बारिश के दौरान पूरी सतर्कता बरतें. लगातार हो रही वर्षा के कारण क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं.
ये भी पढ़ेंः बाथरूम के फर्श के नीचे दफन था पति का राज! मिस्त्री ने खोला रूबी की खौफनाक साजिश का नया सच