पहली ही बारिश में बह गई स्वास्थ्य व्यवस्था! पन्ना जिला अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर-प्रसूता वार्ड में पहुंचा पानी
पन्ना में जिला अस्पताल में बारिश का पानी घुसा.
Input- सौरभ
MP News: पन्ना जिले में हुई पहली ही तेज बारिश ने जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी. करोड़ों रुपये के रखरखाव (मेंटेनेंस) बजट के दावों के बावजूद अस्पताल की बदहाल स्थिति सामने आ गई. बारिश का पानी ऑपरेशन थिएटर, सर्जिकल वार्ड और प्रसूता वार्ड तक पहुंच गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
करोड़ों खर्च करने के बाद भी जनता को राहत नहीं
वार्डों में पानी भरने के कारण मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना पड़ा, जबकि कई जगह फर्श पर पानी जमा होने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया. सबसे चिंताजनक बात यह रही कि जहां गंभीर मरीजों का इलाज और प्रसूताओं की देखभाल होती है, वहीं पानी घुसने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मेंटेनेंस पर करोड़ों रुपये खर्च होने का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई देती है. पहली ही बारिश में अस्पताल की छतों से रिसाव और वार्डों में पानी भरना निर्माण कार्यों और रखरखाव की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है. वहीं पन्ना जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन का कहना है की पुरानी बिल्डिंग होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है.
कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला
वहीं घटना का वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर हमला बोला है. कांग्रेस नेता अरुण यादव ने ट्वीट करके लिखा, ‘मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल देखिए. पन्ना जिला चिकित्सालय बारिश में अस्पताल कम, स्विमिंग पूल ज़्यादा नजर आ रहा है, घुटनों तक भरे पानी के बीच प्रसूता महिलाएं और मरीज बेड पर कैद हैं. यही है भाजपा सरकार का तथाकथित विश्वस्तरीय स्वास्थ्य मॉडल?
करोड़ों के दावों के बावजूद जिला अस्पतालों की यह बदहाली शर्मनाक है. लगता है सरकार को पैसा स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च करना था मगर सिर्फ विज्ञापन पर खर्च कर दिया.’
मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल देखिए ।
— Arun Subhashchandra Yadav (@MPArunYadav) July 7, 2026
पन्ना जिला चिकित्सालय बारिश में अस्पताल कम, स्विमिंग पूल ज़्यादा नजर आ रहा है, घुटनों तक भरे पानी के बीच प्रसूता महिलाएं और मरीज बेड पर कैद हैं ।
यही है भाजपा सरकार का तथाकथित "विश्वस्तरीय स्वास्थ्य मॉडल "?
करोड़ों के दावों के… pic.twitter.com/rQ0NOPd4FP
ये भी पढे़ं: ड्रिप चढ़वाते मरीज को आधी रात वार्ड से बाहर किया, खंडवा में सरकारी अस्पताल में भर्ती युवक सलाइन लेकर सड़क पर आया