Ujjain Campus Mysterious Threat: ‘तुम सब मरोगे…’, मटकी-लाल कपड़ा और कुंकू भी मिला, उज्जैन के विक्रम विश्वविद्यालय में अजीबोगरीब घटना

Ujjain News: विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है.
Ujjain college incident

विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन

Vikram University Mysterious Incident: विक्रम विश्वविद्यालय उज्जैन में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच भय का माहौल पैदा कर दिया है. विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग के मुख्य द्वार पर अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा धमकी भरे शब्द लिखे गए, जिससे पूरे परिसर में सनसनी फैल गई.

मेन गेट की दीवार लिखा “तुम सब मरोगे”

बताया जा रहा है कि बिल्डिंग के मेन गेट की दीवार पर कुंकू (सिंदूर) से बड़े अक्षरों में “तुम सब मरोगे” लिखा हुआ मिला. इतना ही नहीं, गेट के बाहर एक मटकी, लाल कपड़ा और कुंकू से बनाए गए तांत्रिक जैसे प्रतीक भी रखे गए थे, जिससे घटना ने और अधिक रहस्यमय और भयावह रूप ले लिया.

17 करोड़ रुपये की लागत से बनी थी बिल्डिंग

यह नई बिल्डिंग करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है, जिसमें मात्र 10 दिन पहले ही कक्षाएं शुरू हुई थीं. ऐसे में इस तरह की घटना ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि यहां अध्ययनरत करीब 1100 विद्यार्थियों में भी डर और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है.

मौके पर पहुंचे विभागाध्यक्ष

घटना की जानकारी मिलते ही विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश टेलर मौके पर पहुंचे. उन्होंने इसे अज्ञात शरारती तत्वों की करतूत बताया. प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से मटकी, कपड़ा और अन्य सामग्री हटवा दी गई, साथ ही दीवार पर लिखे गए आपत्तिजनक शब्दों की पुताई भी करवा दी गई.

सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न

हालांकि, घटना स्थल पर CCTV कैमरों का अभाव सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है. विश्वविद्यालय प्रशासन को इस पूरे मामले की सूचना दे दी गई है और अब आगे की जांच तथा सुरक्षा बढ़ाने को लेकर कदम उठाए जाने की संभावना है. इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चा का माहौल है, वहीं छात्र-छात्राओं और स्टाफ के बीच भय और असमंजस की स्थिति बनी हुई है.

ये भी पढ़ें-करीना कपूर ने ठुकरा दी थीं ये 10 फिल्में, इन्हीं ने दीपिका पादुकोण से लेकर ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा की बदली किस्मत

ज़रूर पढ़ें