एमपी के किसानों के लिए खुशखबरी, गेहूं खरीदी के लिए बढ़ी स्लॉट बुकिंग की तारीख, इस दिन तक करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन
गेंहू खरीद केंद्र
Bhopal News: मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है. राज्य सरकार ने स्लॉट बुकिंग की अवधि 6 दिन बढ़ाकर अब 30 अप्रैल तक कर दी है. इससे उन किसानों को फायदा मिलेगा, जो अभी तक अपनी उपज बेचने के लिए स्लॉट बुक नहीं कर पाए थे. सरकार के अनुसार, अब तक 1 लाख 30 हजार 655 किसानों से 57 लाख 13 हजार 640 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है.
अब तक कितने स्लॉट हुए बुक
इसके एवज में किसानों के बैंक खातों में 355 करोड़ 3 लाख रुपए का भुगतान भी किया जा चुका है. वहीं, अब तक 4 लाख 22 हजार 848 किसानों ने 1 करोड़ 82 लाख 96 हजार 810 क्विंटल गेहूं के विक्रय के लिए स्लॉट बुक कर लिया है. प्रदेश में खरीदी व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 3171 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदा जा रहा है.
बार-बार स्लॉट बुक करने की नहीं पड़ेगी जरूरत
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने स्लॉट बुकिंग की क्षमता भी बढ़ा दी है. पहले जहां एक स्लॉट में 1000 क्विंटल तक गेहूं बेचने की सीमा थी, उसे बढ़ाकर अब 1500 क्विंटल कर दिया गया है. इससे बड़े किसानों को एक बार में अधिक उपज बेचने की सुविधा मिलेगी और बार-बार स्लॉट बुक करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
78 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा
इस साल गेहूं उपार्जन के लिए रिकॉर्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है. इससे यह साफ है कि इस बार खरीदी का दायरा काफी बढ़ा है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष प्रदेश में समर्थन मूल्य पर करीब 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई थी. वहीं इस वर्ष सरकार ने 78 लाख मीट्रिक टन गेहूं उपार्जन का लक्ष्य रखा है. सरकार को उम्मीद है कि बढ़ाई गई समय-सीमा और व्यवस्थाओं में सुधार से इस बार खरीदी प्रक्रिया और अधिक सुचारु होगी तथा अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सकेगा.
ये भी पढे़ं- MP News: 67 साल के डॉक्टर से ‘हसीन’ लूट, 27 साल की आलिया ने मीठी-मीठी बातों में फंसाया, 17 लाख का ब्रेसलेट लूटा