‘मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं…’, पत्नी को वीडियो कॉल पर फांसी का फंदा दिखाया, फिर युवक ने दी जान
मृतक भावेश पटेल
Bhopal News: राजधानी भोपाल के रातीबड़ क्षेत्र में रहने वाले एक सरकारी स्कूल के प्यून ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. आत्महत्या से पहले उसने अपनी पत्नी को वीडियो काॅल करके फांसी का फंदा भी दिखाया और अपनी जान देने की बात भी कही. सूचना के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर देखा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके जांच शुरू कर दी है.
पत्नी को वीडियो कॉल करके दिखाया फांसी का फंदा
मामले में रातीबड़ पुलिस ने बताया कि नीलबड़ के नाथू बरखेड़ा के रहने वाले 32 वर्षीय भावेश पटेल, पिता जगदीश पटेल अपने इलाके के एक सरकारी स्कूल में प्यून के पद पर काम करता था. उसकी पत्नी पिछले तीन दिनों से इंदौर अपने मायके गई थी. गुरुवार देर रात भावेश ने पत्नी को वीडियो कॉल किया और फांसी का फंदा दिखा कर बोला की ‘ मैं आत्महत्या करने जा रहा हूं.’
परिजनों ने फंदे से उतारा तब तक हो गई मौत
पत्नी वीडियो काॅल पर फांसी का फंदा देखकर घबरा गई. उसने तुरंत अपने देवर को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी. सूचना के बाद भावेश के परिजन और आस-पास के लोग उसके घर पहुंच गए. मौके पर जाकर देखा तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था. परिजनों ने काफी प्रयास किया और दरवाजा खोला, लेकिन घर के अंदर भावेश फांसी के फंदे से लटका हुआ था. परिजनों ने उसे नीचे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
दो बच्चाें का पिता था भावेश
जानकारी के अनुसार, मृतक भावेश के परिवार में उसकी पत्नी के अलावा एक पांच साल का बेटा और एक साल की बेटी है. दोनों बच्चे बीते तीन दिन पहले ही अपनी नानी के घर इंदौर गए हुए थे. पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है. फिलहाल आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे इसका खुलास नहीं हो पाया है. पुलिस ने घटना के बाद मर्ग कायम कर लिया है पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढे़ं- ‘मां आपने मेरी जान ले ही ली…’ भोपाल की ख्याति जैन का आखिरी मैसेज, मां बोली- बॉयफ्रेंड 3 घंटे बेटी के साथ था