खुशखबरी! MP में इस तारीख को पहुंचेगा मानसून, राज्य में जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मध्य प्रदेश मौसम
MP Weather: मध्य प्रदेश में आंधी और बारिश की वजह से तापमान में गिरावट देखने को मिली है. कई शहरों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच चुका है. राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में पारा शुक्रवार (6 जून) को 18.2 डिग्री दर्ज किया गया. सबसे ठंडे शहरों की बात करें तो इंदौर (19 डिग्री), मंदसौर (19.3 डिग्री), मरुखेड़ा (19.9 डिग्री) और भोपाल (20.2 डिग्री) रहे.
नौगांव सबसे गर्म शहर रहा
- पिछले 24 घंटे की बात करें तो अलग-अलग शहरों में गरज-चमक के साथ मौसम में बदलाव देखने को मिला.
- भोपाल, देवास, झाबुआ और शाजापुर में ओले गिरे.
- खरगोन, दमोह, जबलपुर, मंदसौर, राजगढ़ और सीहोर में धूलभरी आंधी चली.
- राज्य के 40 से ज्यादा शहरों में बारिश दर्ज की गई.
- मध्य प्रदेश की सबसे ज्यादा बारिश बड़नगर में 58 मिमी रिकॉर्ड की गई. सैलाना में 50 मिमी, कोलार में 40 मिमी, नबीबाग में 36 मिमी और धुंधड़ा में 36 मिमी बारिश हुई.
- छतरपुर जिले का नौगांव मध्य प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया.
- खजुराहो में 41.4 डिग्री, खरगोन में 41 डिग्री, दतिया में 40.8 डिग्री और ग्वालियर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस रहा.
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
- भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर, आलीराजपुर, रतलाम, विदिशा, बालाघाट, शाजापुर समेत 40 से ज्यादा शहरों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है.
- मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा, सिवनी, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, दमोह और सागर में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही ओलावृष्टि और आंधी के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
मध्य प्रदेश में कब पहुंचेगा मानसून
मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास पहुंच जाता है. मौसम विभाग के अनुसार इस बार मानसून पहुंचने में देर हो सकती है. इस बार केरलम में भी मानसून ने तय तारीख 31 मई से 4 दिन दस्तक दी है. कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है. IMD के मुताबिक मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है. एमपी की बात करें तो जून महीने के दूसरे सप्ताह में मानसून पहुंच सकता है. ये 5 दिनों की देरी के साथ 20 जून के आसपास शहडोल और जबलपुर संभागों के जिलों में पहुंच सकता है.