Morena News: रेत माफिया पर लगाम के लिए रखे पत्थरों से टकराया ट्रक, डिवाइडर पर चढ़ा वाहन, वनरक्षक बाल-बाल बचे
मुरैना में हुआ ट्रक हादसा
इनपुट- मनोज शर्मा
Morena News: नेशनल हाईवे क्रमांक-44 पर वन चौकी के सामने बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक वन विभाग द्वारा रखे गए पत्थरों से टकराकर डिवाइडर पर चढ़ गया. हादसे में चौकी पर मौजूद वनकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि हाईवे पर कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही.
जानिए कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, रेत माफिया की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने वन चौकी के सामने बड़े पत्थर रखे हुए थे. इसी दौरान तेज गति से आ रहा एक ट्रक चालक नियंत्रण खो बैठा और सीधे पत्थरों से जा टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया और उसका डीजल टैंक फट गया. हादसे के बाद सड़क पर डीजल फैल गया. मौके पर मौजूद कुछ लोग बाल्टियां लेकर पहुंचे और बह रहे डीजल को भरकर ले जाने लगे. घटना के चलते हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक यातायात प्रभावित रहा.
ये भी पढ़ें-Morena: विद्यालय के काम ठप, जिम्मेदार मनाली ट्रिप पर! कलेक्टर का नोटिस बना चर्चा का विषय
वनरक्षक बाल-बाल बचे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि ट्रक कुछ फीट और आगे बढ़ जाता तो वन चौकी को भी नुकसान पहुंच सकता था. वहीं वहां मौजूद वनरक्षक इसकी चपेट में आ सकते थे. गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई. सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ट्रक को हटवाकर यातायात बहाल कराया गया. हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.