Indore: नर्मदा-क्षिप्रा पाइपलाइन फटने से घरों में घुसा पानी, शहर में मचा हड़कंप, Video
नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना
Indore: इच्छापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिमरोल के समीप भेरूघाट स्थित बाबा ढाबा क्षेत्र में रविवार को नर्मदा-क्षिप्रा लिंक योजना की विशाल पाइपलाइन अचानक फूट गई. पाइपलाइन में अत्यधिक दबाव होने के कारण पानी कई फीट ऊंचाई तक फव्वारे की तरह उछला और देखते ही देखते कुछ ही देर में आस-पास का पूरा इलाका जलमग्न हो गया. ये घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है.
स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया है कि जब पाइपलाइन फटी तो जोरदार धमाका हुआ. धमाके की आवाज सुनकर आसपास के घरों में मौजूद लोग बाहर निकल आए. ये पाइपलाइन फटने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. पानी का फब्बारा इतनी ऊंचाई तक पहुंचा कि पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के बराबर दिखाई देने लगा. ये नजारा देख लोगों की टेंशन और बढ़ गई.
सड़क को दोनों ओर यातायात बंद
हतियात के तौर पर स्थानीय लोगों ने सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया. इसके चलते इंदौर-इच्छापुर नेशनल हाईवे पर कई घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही. मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि नर्मदा-क्षिप्रा लिंक परियोजना के जरिए पानी उज्जैन शहर समेत कई जगहों तक पहुंचाया जाता है. गर्मी के मौसम में जल आपूर्ति बनाएं रखने के लिए पाइपलाइन में पानी तीव्र प्रेशर से छोड़ा जा रहा था.
आसपास के घरों तक पहुंचा पानी
यहीं वजह रही होगी कि भेरूघाट के पास पाइपलाइन का एक हिस्सा अचानक फट गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि पाइपलाइन फटने से निकला पानी तेज बहाव के साथ आसपास के कुछ मकानों तक पहुंच गया। कई घरों में पानी घुसने से टीवी, फ्रिज सहित अन्य घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
ये भी पढ़ें-मऊगंज: नवजात की किलकारी के 24 घंटे बाद मातम! हैवान पति ने मां को उतारा मौत के घाट, बच्ची ने किया खुलासा