राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राज कुशवाहा की जमानत अर्जी खारिज, शिलॉन्ग कोर्ट ने फैसला रखा था सुरक्षित
सोनम रघुवंशी और उसका प्रेमी राज कुशवाहा.
Raj Kushwaha bail plea rejected: इंदौर कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी राज कुशवाहा की जमानत याचिका खारिज हो गई है. मामले में शिलॉन्ग कोर्ट ने बुधवार को फैसला सुरक्षित रख लिया था. इसके बाद मामले में कोर्ट ने राज कुशवाहा की अर्जी को खारिज कर दिया. सोनम रघुवंशी की जमानत होने के बाद आरोपी राज कुशवाहा ने अर्जी लगाई थी.
सोनम तो बाहर आ गई लेकिन प्रेमी जेल में रहेगा
राजा रघुवंशी हत्याकांड में राज कुशवाहा और उसके तीन दोस्त आकाश, आनंद और विशाल जेल में बंद हैं. जबकि राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी हत्याकांड में जमानत मिलने के बाद 28 अप्रैल को जेल से बाहर आ गई थी. कोर्ट ने ये कहते हुए सोनम की जमानत स्वीकार कर ली थी कि पुलिस ने मामले में गलत धाराएं दर्ज की हैं. चालान में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग धाराएं लगाई हैं. पुलिस ने इसे टाइपो एरर बताया था. हालांकि शिलॉन्ग पुलिस का कहना है कि सोनम की जमानत मंजूर होने के खिलाफ वह हाई कोर्ट जाएगी.
राजा के परिजन बोले- CBI जांच की मांग करेंगे
राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी पत्नी सोनम के जेल से बाहर आने के बाद राजा का परिवार लगातार आक्रोश व्यक्त कर रहा है. राजा के भाई ने कहा है कि वह सोनम रघुवंशी की जमानत के खिलाफ हाई कोर्ट जाएंगे. साथ ही उन्होंने कहा कि वह सोनम के खिलाफ सीबीआई की मांग करेंगे, जिससे कि निष्पक्ष तरीके से जांच की जा सके.
बता दें कि सोनम की जमानत याचिका मंजूर होने के बाद राजा रघुवंशी के परिवार ने कोर्ट के फैसले को लेकर नाराजगी जाहिर की थी. राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी ने यहां तक कह दिया था कि मैं सोनम से कभी नहीं मिलूंगी, अगर सोनम सामने आएगी तो उसे मार डालेंगे. राजा के परिवार ने आरोप लगाया है कि सोनम के परिवार वाले अपनी बेटी की मदद कर रहे हैं. सोनम का भाई गोविंद अपनी बहन से मिलने जेल भी गिया था. राजा के परिवार का आरोप है कि सोनम रघुवंशी के परिवार, वकील और पुलिस वालों के मिले होने के कारण सोनम को जमानत मिली है.