Rewa: लोकायुक्त रीवा टीम की बड़ी कार्रवाई, त्यौंथर तहसील रिश्वत लेते बाबू को रंगे हाथ किया गिरफ्तार
रिश्वत लेते पकड़ा गया कर्मचारी
Rewa News: रीवा जिले के त्यौंथर तहसील कार्यालय में गुरुवार को लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए तहसील में पदस्थ बाबू अनिल त्रिपाठी को 9 हजार 500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के बाद पूरे तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
बेदखली आदेश के नाम पर मांगी थी भारी रिश्वत
जानकारी के अनुसार आरोपी बाबू ने एक लंबित जमीनी विवाद के मामले में फरियादी के पक्ष में बेदखली आदेश जारी कराने के एवज में 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. फरियादी अजय मिश्रा निवासी ग्राम डाढ़ा कला, त्यौंथर ने परेशान होकर मामले की शिकायत लोकायुक्त कार्यालय रीवा में दर्ज कराई थी. शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई.
किस्तों में तय हुआ था रिश्वत का सौदा
बताया जा रहा है कि आरोपी और फरियादी के बीच रिश्वत की रकम किस्तों में देने का समझौता हुआ था. पहली किस्त 20 हजार रुपये तय की गई थी. गुरुवार को जैसे ही आरोपी बाबू ने पहली किश्त के रूप में 9 हजार 500 रुपये लिए, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया.
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त टीम में शामिल निरीक्षक एस.के. मांरावी ने बताया कि आरोपी बाबू अनिल त्रिपाठी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
लगातार दूसरी कार्रवाई से मचा डर
गौरतलब है कि लोकायुक्त रीवा की दो दिनों में यह दूसरी बड़ी ट्रैप कार्रवाई है. एक दिन पहले शहडोल जिले के ब्यौहारी में कार्रवाई के बाद अब रीवा में हुई इस कार्रवाई से भ्रष्ट कर्मचारियों और अधिकारियों में दहशत का माहौल बन गया है.
ये भी पढे़ं- उज्जैन में भ्रष्टाचार की नई परिभाषा! ‘लड्डू-मिठाई’ जैसे कोड वर्ड, व्हाट्सएप चैट से खुली पोल, जानें क्या है मामला