इटमा वॉटरफॉल हादसा: दो दिन बाद मिला युवक का शव, SDRF ने चलाया था रेस्क्यू ऑपरेशन
इटमा वॉटरफॉल
SDRF Recovers Missing Youth: रीवा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल इटमा वॉटरफॉल में सेल्फी के दौरान हुए हादसे में लापता युवक का शव दो दिन बाद बरामद कर लिया गया. तेज बहाव और दुर्गम परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया.
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद अंतर्गत बरगढ़ निवासी 21 वर्षीय सोनू खान पिता बन्ने खान अपने परिवार और दोस्तों के साथ इटमा वॉटरफॉल घूमने आया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वह जलप्रपात के किनारे एक चट्टान पर खड़े होकर सेल्फी ले रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में गिर गया और तेज बहाव में बह गया.
दो दिनों बाद मिला शव
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया. लगातार दो दिनों तक चले अभियान के दौरान युवक की तलाश की जाती रही. सोमवार को युवक का शव जलप्रपात के तेज बहाव के बीच चट्टानों में फंसा दिखाई दिया. हालांकि शव तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिम भरा था. एसडीआरएफ के जवानों ने विशेष सावधानी बरतते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए शव पुलिस को सौंप दिया गया.
ये भी पढ़ेंः MP में सीधी और सिंगरौली के लोगों को तोहफा, NH-39 फोरलेन सड़क पकड़ेगी रफ्तार, केंद्र ने NHI को सौंपी परियोजना
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर इटमा वॉटरफॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, प्रभावी बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतों की कमी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है. इसके साथ ही पुलिस ने भी पर्यटकों से अपील की है कि वे जलप्रपातों और अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों पर सेल्फी लेने या सुरक्षा सीमाओं का उल्लंघन करने से बचें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है.