चित्रकूट में बड़ा हादसा, रीवा से दर्शन करने आए श्रद्धालुओं की ट्रॉली पलटी, 2 बच्चों समेत 4 की मौत
चित्रकूट न्यूज
Chitrakoot Accident: मध्यप्रदेश के चित्रकूट से इस वक्त की बहुत बड़ी खबर सामने आ रही है. थाना रैपुरा क्षेत्र अंतर्गत रामनगर के पास श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से बड़ा हादसा हो गया. हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं 12 अन्य लोग भी घायल हुए हैं.
घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सभी श्रद्धालु मध्य प्रदेश के रीवा क्षेत्र से चित्रकूट दर्शन करने आए थे. दर्शन के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी रामनगर के पास अचानक ट्रैक्टर की ट्रॉली खुल गई और अनियंत्रित होकर पलट गई. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 25 लोग सवार थे. ट्रॉली पलटते ही लोग उसके नीचे दब गए.
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी
आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए दौड़ लगाई और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किए जाने की तैयारी है.
डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है. जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने हादसे की जानकारी देते हुए मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि प्रशासन घायलों के उपचार और राहत व्यवस्था पर पूरा ध्यान दे रहा है. मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है.इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर है.


