Mauganj News: मऊगंज में तिरंगा यात्रा को लेकर भाजपा की बैठक, प्रभारी मंत्री लखन पटेल बोले- 10 से 15 अगस्त तक होंगे व्यापक कार्यक्रम
मऊगंज में बीजेपी की बैठक
Mauganj News: स्वतंत्रता दिवस से पहले मऊगंज में भाजपा ने राष्ट्रभक्ति से जुड़े आयोजनों को लेकर अपनी तैयारियों का बिगुल बजा दिया है. शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक में 10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा समेत विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की रणनीति तैयार की गई.
भाजपा के बड़े नेताओं की रही मौजूदगी
बैठक में मध्य प्रदेश के आनंद विभाग मंत्री एवं मऊगंज जिले के प्रभारी पालक मंत्री लखन पटेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि देवतालाब विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल, संभागीय संगठन प्रभारी विजय द्विवेदी, जिला संगठन प्रभारी शशांक श्रीवास्तव और भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए. मां सरस्वती और मां भारती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ बैठक की शुरुआत हुई. नवनियुक्त एल्डरमैनों का अंगवस्त्र देकर स्वागत भी किया गया.
हर घर तिरंगा अभियान पर जोर
जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि 13 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने और लगाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया जाएगा. वहीं 14 अगस्त को ब्लॉक स्तर पर विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम आयोजित होंगे.
ये भी पढ़ें-विंध्यवासियों के लिए खुशखबरी, रीवा से भोपाल और कोलकाता का सफर हुआ आसान, शुरू होंगी 2 नई फ्लाइट्स
तिरंगा यात्रा में लोगों को जोड़ने की अपील
प्रभारी मंत्री लखन पटेल ने कहा कि 10 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा सहित राष्ट्रभक्ति के विभिन्न कार्यक्रम व्यापक स्तर पर होंगे. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया. वहीं बैठक में संगठन की सक्रियता की सराहना के साथ आगामी कोर कमेटी बैठक में स्थानीय और संगठनात्मक मुद्दों पर मंथन की बात भी सामने आई.