3 गोलियां खाकर भी पोजीशन पर डटे रहे, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी को मारने पर रीवा के जवान को मिला शौर्य चक्र
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शौर्य चक्र से सम्मानित
Rewa News: जिले के बैकुंठपुर थाना अंतर्गत डेल्ही निवासी सेना के जवान संजय तिवारी को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शौर्य चक्र से सम्मानित किया है. जवान ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के आतंकवादी को अदम्य साहस और सूझबूझ से मार गिराया था. उनके इस साहस से ना सिर्फ परिवार के लोग बल्कि पूरा विंध्य खुद को गौरवांवित महसूस कर रहा है.
दुश्मन की ओर से गोलीबारी शुरू
2 नवंबर 2024 को लगभग 2.45 बजे जम्मू कश्मीर श्रीनगर के पुलिस थाना खानयार के अंतर्गत ठग मोहल्ला क्षेत्र में एक विदेशी आतंकवादी की मौजुदगी की सूचना मिलने पर, तय योजना के अनुसार, सिपाही/जीडी संजय तिवारी एवं उनकी टीम ने तेजी से एक अभेद्य घेरा बनाया और लक्षित मकान के बाएं हिस्से में फायरबेस 3 पर स्वयं मुस्तैद हुए. जैसे ही तलाशी शुरू हुई, लक्षित घर से उनके फायरबेस की ओर दुश्मन की ओर से गोलीबारी शुरू हो गई.
लश्कर-ए-तैयबा के आंतकी को मार गिराया
सिपाही/जीडी संजय तिवारी ने निर्णायक रूप से कवर लिया और रणनीतिक रूप से जवाबी गोलीबारी की. इस दौरान आतंकवादी को मार गिराया. बाद में आतंकवादी की पहचान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर उस्मान लाहौरी के रूप में की गई. सिपाही संजय तिवारी के अदम्य साहस, असाधारण वीरता, विशिष्ट बहादुरी के प्रदर्शन की मान्यता में “शौर्य चक्र” से सम्मानित किया गया है. इस सम्मान के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है.

3 गोली लगने पर भी नहीं छोड़ी पोजीशन
आतंकवादी द्वारा दो ग्रेनेड उनकी तरफ फेंके गये, जिनके फटने के परिणामस्वरूप पूरा क्षेत्र घने काले धुएं और मलबे से ढक गया. सीमित दृश्यता के बावजूद, उन्होंने अपनी स्थिति को मजबूत बनाए रखा और बैलिस्टिक शील्ड का उपयोग करते हुये खुद को सुरक्षित रखा. गोलीबारी के दौरान, सिपाही/जीडी संजय तिवारी के बांए घुटने और गर्दन के दाहिने तरफ एवं पेट के निचले हिस्से में गोली लगी थी.
इसके बावजूद, उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए, दुश्मन के ठिकानों पर गोली दागी और एक मिनट से भी कम समय में आतंकवादी को मार गिराया. जवान इस तरह के कई ऑपरेशनों में शामिल हो चुका था सेना की ट्रेनिंग और ऑपरेशन करने का अनुभव उसके साथ था.
ये भी पढ़ें:‘राहुल गांधी से हुई चूक’, राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के इस वरिष्ठ नेता ने पहले ही कर दी थी भविष्यवाणी