‘जितने बच्चे पैदा करना है, करो’, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का अजीबोगरीब बयान

Janardan Mishra Viral Statement: अमृत 2.0 योजना के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से बने कुठुलिया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और इंटेक वेल का लोकार्पण कार्यक्रम हुआ. सांसद ने बच्चे पैदा करने और स्वच्छ पानी की उपलब्धता को लेकर ऐसा बयान दे दिया कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
janardan mishra

जनार्दन मिश्रा

Janardan Mishra Viral Statement: रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. एक बार फिर उन्होंने ऐसा बयान दिया है, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं इंटेक वेल के लोकार्पण कार्यक्रम में रीवा सांसद ने बच्चे पैदा करने और स्वच्छ पानी की उपलब्धता को लेकर ऐसा बयान दे दिया कि अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

‘जितने चाहे बच्चे पैदा करो’

अमृत 2.0 योजना के तहत 25 करोड़ रुपये की लागत से बने कुठुलिया वाटर ट्रीटमेंट प्लांट और इंटेक वेल का लोकार्पण कार्यक्रम हुआ. इसमें रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा के अलावा डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. वहीं, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय वर्चुअली जुड़े. इस कार्यक्रम को रीवा सांसद ने संबोधित किया.

कहा कि साल 2040 जितने लोगों को गांव से रीवा आना है तो आ जाओ. यहां आकर बस जाओ. जितने बच्चे को पैदा करना है, करो. उन्होंने आगे कहा कि रीवा नगर निगम ने सभी के लिए शुद्ध पानी की व्यवस्था कर दी है. पानी को लेकर किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है.

पहले भी बयान चर्चा में रहे

  • इससे पहले किसान को लेकर विवादित बयान दिया था. कहा था कि किसानों के पास केवल तीन महीने ही काम होता है. बाकी समय ताश खेलते हैं. राजश्री चबाते हैं. बोतल-चोंगी पीते हैं.
  • विधायक अभय मिश्रा के बयान पर उन्होंने कहा था कि वे यौन विकृति से पीड़ित हैं.
  • कुछ समय पहले पेट्रोल और एथेनॉल को लेकर चर्चा हो रही थी. इस पर बयान देते हुए कहा था कि एथेनॉल नहीं चलेगा, शुद्ध पेट्रोल ही चलेगा. क्या शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा?
  • एक बार कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा था कि कांग्रेस रेव कल्चर वाली पार्टी है. उनके दिमाग में रात भर पार्टी और शराब चलती रहती है.

ज़रूर पढ़ें