24 घंटे में रीवा पुलिस की दूसरी बड़ी कार्रवाई, 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की MD ड्रग्स जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Rewa Police Drug Seizure: पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रीवा जोन गौरव राजपूत के द्वारा अवैध नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.
Rewa MD drugs seized

रीवा में 10 करोड़ रुपए की एमडी ड्रग्स पकड़ाई

Police Busts Drug Network: रीवा में लगातार आज दूसरे दिन नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है. यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई भी मानी जा रही है. रीवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है. फिलहाल, पुलिस अब इस मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ड्रग से जुड़े नेटवर्क का पता लगा रही है और साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं.

पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रीवा जोन गौरव राजपूत के द्वारा अवैध नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. रीवा उप पुलिस महानिरीक्षक हेमन्त सिंह चौहान और पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह के निर्देशन में रीवा पुलिस टीम द्वारा थाना गढ़ के सोनवर्षा गांव में नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्यवाई की गई है. पुलिस ने 3087 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी अन्तराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 10 करोड़ रूपये से ज्यादा है.

2 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मुखविर से सूचना मिली थी कि सोनवर्षा गांव के रहने वाले मण्डप सिंह पिता राकेश सिंह और ज्ञानभूषण शर्मा पिता बुद्धसेन शर्मा दोनों अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स लेकर विक्री करने जाने वाले हैं. सूचना बड़े अधिकारियों को दी गई. जिसके बाद रीवा पुलिस की टीम ने रेड की कार्रवाई करते हुए आरोपी मण्डप सिंह और ज्ञानभूषण शर्मा से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ एमडी ड्रग्स को जप्त किया. इसके बाद दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना गढ़ में अपराध क्रमांक 292/2026 धारा 8.22 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है.

24 घंटे के अंदर दूसरी बड़ी कार्रवाई

बता दें, रीवा पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ 24 घंटे के अंदर की गई यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले 6 जुलाई को भी मऊगंज से करोड़ो रुपए की एमडी ड्रग्स पकड़ी गई थी. जिसमें पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद नशे के सौदागरों में हड़कंप मचा हुआ है.

ज़रूर पढ़ें