Satna news: भैंस चोरी के शक में युवक को XUV से घसीटकर मारा, हिस्ट्रीशीटर समेत 3 गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार
Satna news: सतना में भैंस चोरी के संदेह में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर कार से घसीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक्सयूवी भी जब्त की गई है.
नागौद थाना क्षेत्र का मामला
मामला नागौद थाना क्षेत्र का है. 7 अगस्त की रात सलैया निवासी 25 वर्षीय राजा यादव अपने दोस्त के साथ पिकअप से गाय खरीदने जा रहा था. सिंहपुर क्षेत्र के कढ़मानी मोड़ पर हिस्ट्रीशीटर सन्नी उर्फ आकाश सिंह ने अपने दो साथियों के साथ एक्सयूवी सामने लगाकर पिकअप रोक ली.
रस्सी से बांधकर कार से घसीटा
भैंस चोरी के शक में पूछताछ के बाद आरोपियों ने राजा की बेरहमी से पिटाई की. आरोप है कि बेहोश होने के बाद उसे रस्सी से बांधकर कार से घसीटा गया. हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में मौत हो गई. इसके बाद शव सेमरवारा गांव के पास फेंककर फरार हो गए.
पन्ना से मुख्य आरोपी गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस ने मृतक के साथियों और परिजनों से पूछताछ कर सुराग जुटाते हुए मुख्य आरोपी सन्नी सिंह को पन्ना जिले के बृजपुर थाना अंतर्गत इटमा खास से गिरफ्तार कर लिया, जिसने उत्कर्ष उर्फ सूरज और संतोष के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार कर लिया. तब दोनों आरोपियों को भी गिरफ्त में लेते हुए एक्सयूवी जब्त की गई और सोमवार शाम को न्यायालय में पेश कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें:‘आधी रात तुर्की में बदला विमान…’,डोनाल्ड ट्रंप की जान को था खतरा, ऐसे रचा गया पूरा सीक्रेट ऑपरेशन