सीधी: सीधी में शर्मनाक वारदात, घर में घुसकर युवती को बनाया बंधक, बारी-बारी से किया दुष्कर्म

सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहां आरोपियों ने घर में अकेली युवती को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
सीधी

आरोपी हुआ गिरफ्तार

सीधी: मध्यप्रदेश के सीधी जिले से एक बेहद सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है. यहाँ जमोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुताई और पेंटिंग का काम करने आए दो युवकों ने इंसानियत को तार-तार कर दिया. आरोपियों ने घर में अकेली युवती को बंधक बनाकर न सिर्फ उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, बल्कि मारपीट कर ऑनलाइन लूट की वारदात को भी अंजाम दिया. हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही दोनों दरिंदों को सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है.

पेंटिंग के बहाने घुसे, फिर नीयत बिगड़ी

यह खौफनाक घटना गुरुवार दोपहर करीब 3:00 बजे की है. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी घर में पुताई और पेंटिंग के सिलसिले में दाखिल हुए थे. उस वक्त युवती घर में बिल्कुल अकेली थी. सूना घर देखकर दोनों की नीयत डोल गई. आरोपियों ने सबसे पहले घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद उन्होंने युवती को डरा-धमकाकर उसके मोबाइल फोन से ‘फोन पे’ (PhonePe) के जरिए ₹40,000 ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए.

कमरे में बंधक बनाकर किया सामूहिक दुष्कर्म

लूटपाट के बाद भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. आरोपियों ने युवती को एक कमरे में बंधक बना लिया. इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया. विरोध करने पर पीड़िता के साथ बेरहमी से मारपीट भी की गई. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. परिजनों के घर लौटने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद तत्काल थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई गई. रात करीब 8:00 बजे पुलिस ने मामला पंजीबद्ध किया.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार

संतोष कोरी, एसपी सीधी ने घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी और पूरी टीम मौके पर पहुँची थी. देर रात ही संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और सर्चिंग के दौरान दोनों को धर-दबोचा गया. दोषियों पर जल्द से जल्द सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

शुक्रवार सुबह गिरफ्तार करने के बाद शाम 5:00 बजे दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया. इससे पहले उनका जिला अस्पताल सीधी में मेडिकल परीक्षण कराया गया.

ये भी पढ़ें: Bilaspur: स्कूल के बच्चों और पालकों के साथ गाली-गलौज, टीचर सस्पेंड, आदेश जारी

ज़रूर पढ़ें