Sagar Sharab Kand: जहरीली शराब से सचिव समेत 2 लोगों की मौत, अब तक 21 लोगाें की जा चुकी है जान

Sagar Sharab Kand: मध्‍य प्रदेश के सागर शराब कांड में एक बार फिर मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है. अस्‍पताल में भर्ती 2 मरीजों की मौत हो गई है.
Sagar Liquor Tragedy

सागर शराब कांड

Sagar Sharab Kand: मध्‍य प्रदेश के सागर शराब कांड में एक बार फिर मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है. अस्‍पताल में भर्ती 2 मरीजों की मौत हो गई है. आईसीयू वार्ड में दाेनाें मरीजों का इलाज चल रहा था. मृतकों में एक पंचायत सचिव भी शामिल है. मृतकों की पहचान सचिव अजय लोधी और विनोद रजक के रूप में हुई है जो बंडा के ग्राम मुड़ारी और गूगरा के रहने वाले थे. दोनों पिछले एक हफ्ते से मेडीकल कॉलेज में भर्ती थे. शराब कांड में अब मृतकों की मौत का आंकड़ा 21 पहुंच गया है.

30 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

5 सितंबर को सागर जिले में जहरीली शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी इसके बाद पीड़‍ितों को सागर जिला अस्‍पताल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज और बंडा अस्‍पताल में भर्ती कराया गया. इस पूरी घटना में पहले 19 लोगों की मौत हो गई. मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया, जिसमें से 16 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है. वहीं बाकी आरोपियों की तलाश जारी है.

सीएम ने दिए सख्‍त निर्देश

सीएम मोहन यादव ने भी मामले की गंभीरता को समझते हुए न्‍यायिक जांच के आदेश दिए. वहीं सागर संभाग के कमिश्नर और आईजी को बदल दिया. दिलीप कुमार को अब सागर का संभागायुक्त नियुक्त किया गया तो वहीं इरशाद वली को सागर का नया आईजी बनाया गया.

सीएम यादव ने मामले में स्‍पष्ट किया की किसी भी स्‍तर पर लापरवाही या फिर अनियमितता बर्दाश्‍त नहीं की जाएगी. सीएम ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत आरोपियों और जिम्मेदारों पर सख्‍त कार्रवाई करने के निर्देश दिए. सीएम ने साफ कहा कि आम लोगों की सुरक्षा हमारी प्रथामिकता है और इस मामले में किसी भी दोषी काे बख्‍शा नहीं जाएगा.

आरोपी के घर चला बुलडोजर

मामले में सीएम मोहन यादव के सख्‍त कार्रवाई वाले निर्देश के बाद मुख्‍य आरोपी चंद्रभान उर्फ चंदू राजा के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर एक्शन किया. वहीं आरोपी रवि लेखरा का शाॅर्ट एनकाउंटर करके हिरासत में लिया. इस पूरे मामले में जांच और कार्रवाई लगातार जारी है.

ये भी पढे़ं- सागर शराब कांड: चंद्रभान उर्फ चंदू राजा के घर पर चला बुलडोजर, 19 लोगों की हुई थी मौत

ज़रूर पढ़ें