शहडोल में गांजा तस्करों को पुलिस से भागने की कोशिश पड़ी भारी, भागते समय कुएं में गिरे, 3 की हुई मौत
शहडोल: कुएं में गिरने से तीन गांजा तस्करों की मौत
MP News: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. जहां तीन गांजा तस्करों को पुलिस से भागने की कोशिश भारी पड़ गई. अंधेरी रात में तस्कर कुएं में गिर गए और तीनों की मौत हो गई. इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता गांव का है. जानकारी के मुताबिक डायल 112 में तैनात कॉन्स्टेबल कृष्णेंद्र यादव को सोमवार (13 अप्रैल) को एक कार संदिग्ध स्थिति में दिखी. पुलिस ने पीछा करना शुरू किया को संदिग्धों ने कार की स्पीड तेज कर ली. इसी दौरान कार कमता कॉलेज चौराहे पर अनियंत्रित होकर पलट गई. इसके बाद कार सवार वाहन छोड़कर भागने लगे. अंधेरा होने की वजह से कुआं नहीं दिखा, तीनों कुएं में गिर गए. कुएं में भारी मात्रा में गंदगी थी. डूबने से तीनों की मौत हो गई.
पुलिस ने 6 किलो गांजा बरामद किया
पुलिस ने कार की जांच की और 6 किलो गांजा बरामद किया है. इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है. ये भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि तीनों मृत शख्स किसी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं थे.
ये भी पढ़ें: शिवपुरी के नरवर किले में खजाने की तलाश में खुदाई! पसर देवी के पीछे खोद दी 15 फीट लंबी सुरंग
शवों को बाहर निकाला गया
हादसे वाली रात अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं हो पाया. मंगलवार (14 अप्रैल 2026) सुबह पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. शवों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. इस दौरान थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा, SDOP समेत दूसरे अधिकारी मौजूद रहे. मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला (शहडोल), सचिन सिंह बघेल (बुढ़ार) और रोहित शर्मा (टिकुरीटोला, बुढ़ार) के तौर पर हुई है.