शाजापुर: प्रसव के बाद शरीर में छोड़ा आधा किलो स्पंज, एक महीने दर्द से तड़पती रही महिला; बाल-बाल बची जान
शाजापुर में प्रसव के बाद महिला के शरीर में आधा किलो स्पंज छोड़ा.
Input- संतोष
Sponge Left Inside Woman: मध्य प्रदेश के शाजापुर के सिविल अस्पताल में बेहद लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां एक महिला के प्रसव के बाद उसके शरीर में आधा किलो स्पंज छोड़ दिया. इसके बाद महिला 34 दिनों तक दर्द से तड़पती रही. पीड़िता ने बताया कि दर्द होने के बाद जब वो अस्पताल गई तो डॉक्टर ने नॉर्मल बात कहकर लौटा दिया. लेकिन जब दर्द नहीं रुका और इन्फेक्शन के बाद बहुत बदबू आने लगी तो फिर जांच करवाई जिसमें प्राइवेट पार्ट में स्पंज छोड़ने की बात सामने आई. हालांकि सही समय पर ऑपरेशन करके स्पंज को निकाल लिया गया, जिससे महिला की जान बच गई.
दर्द होने पर डॉक्टर ने नॉर्मल दवा देकर घर भेजा
पूरा मामला शुजालपुर के सिविल अस्पताल का है. यहां 7 अप्रैल को महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था. इसके बाद महिला को डिस्चार्ज कर दिया गया. लेकिन घर पहुंचने के बाद भी महिला को की दिनों तक प्राइवेट पार्ट में दर्द होता रहा. लेकिन जब दर्द कम नहीं हुआ और बदबू आना शुरू हो गई तो दो हफ्ते बाद महिला डॉक्टर को दिखाने के लिए अस्पताल पहुंची. लेकिन डॉक्टर ने इसे सामान्य बात कहकर बिना जांच किए ही घर भेज दिया. लेकिन दवा का कोई असर नहीं दिखा. महिला को लगातार दर्द, बदबू, इन्फेक्शन और पेशाब रुकने जैसी परेशानी होती रही. दर्द एकदम असहनीय हो गया और हालत बिगड़ने पर परिजन प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां जांच में बॉडी के अंदर कोई बाहरी चीज होने की बात सामने आई. इसके बाद डॉक्टर्स ने ऑपरेशन करके महिला के प्राइवेट पार्ट से आधा किलो स्पंज निकाला, जो कि 7 अप्रैल से फंसा हुआ था.
शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पीड़िता के परिजन मुकेश ने बताया कि अस्पताल की लापरवाही के कारण मरीज की जान पर बन आई थी. सिविल अस्पताल में इसको लेकर शिकायत भी की गई लेकिन शिकायत के 8 दिन बीत चुके हैं कोई कार्रवाई नहीं की गई है.
वहीं पूरे मामले पर अस्पताल प्रभारी डॉक्टर शारदा रामसरिया ने बताया कि मामला गंभीर है. मामले में 7 नर्सिंग स्टाफ और महिला चिकित्सक डॉक्टर आभा जैन को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है, साथ ही जांच दल गठित किया गया है. इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढे़ं: सतना के सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटने से भीषण आग, एक मजदूर जिंदा जला, कई झुलसे; दूर तक दिखाई दीं लपटें